डीएनएन नालागढ़
सोलन जिला के रामशहर में अफीम की खेती की जा रही थी। अफीम में 468 पौधे खेत में लगाए गए थे। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मौके पर जाकर मामले की जांच की और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने अफीम के पौधों को अपने कब्जे में लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा दिया है। पुलिस के अनुसार एक मामले की जांच के लिए पुलिस टीम रामशहर गई हुई थी और इसी दौरान एएसआई रमेश कुमार ने पाया कि एक खेत में अफीम के पौधे लगे है। इसके बाद मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद डीएसपी अनिल वर्मा के नेतृत्व में नायब तहसीलदार रामशहर दौलत राम, थाना प्रभारी अजीत सिंह व पंचायत प्रतिनिधियों की टीम खेत में पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एसपी बददी रानी बिंदू सचदेवा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी मान सिंह को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच चल रही है।
















