DNN सोलन
16 अगस्त। मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व तथा नगर नियोजन) राम कुमार ने आज सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हरिपुर संडोली में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित चक्का संडोली बाईपास मार्ग के सुदृढ़ीकरण का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण पर 1.60 करोड रुपए खर्च होंगे।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग डबल लेन होगा और इस मार्ग के दोनों और वृक्ष रोपित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्मित होने से बद्दी-साईं मार्ग पर यातायात कम होगा और वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी।
राम कुमार ने कहा कि इसके अतिरिक्त बद्दी के लिए एक रिंग रोड बनाने पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नवानगर से सैनी माजरा तक एक मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इसकी 134 करोड़ रुपए की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाकर स्वीकृति के लिए उच्च स्तर पर भेजी जा रही है।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश से संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से प्रभावित लोगों का पुनर्वास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में सतत् कार्यवाही की जा रही है।
मुख्य संसदीय सचिव ने तदोपरांत ग्राम पंचायत मानपुरा के गांव सैनीवास में 200 मीटर पक्की गली के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह गली बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के माध्यम से निर्मित की जाएगी। इस कार्य पर 15 लाख रुपए व्यय होंगे।
राम कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत मानपुरा के गांव खरूणी में शीघ्र ही एक टयूबबेल का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने खरूणी में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 02 लाख रुपए विधायक ऐच्छिक निधि से स्वीकृत किए।
उन्होंने भारी वर्षा से जिन ग्रामीणों के घरों के डंगे टूटे हैं का कार्य शीघ्र करवाने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को प्राकलन तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खरूणी के समीप खेल मैदान निर्माण के लिए एक लाख रुपए स्वीकृत करने का आश्वासन दिया।
मुख्य संसदीय सचिव ने तत्पश्चात ग्राम पंचायत केंडोल के गांव केंडोल तथा ग्राम पंचायत पट्टानाली के गांव सलगा और सयारड़ी में भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त मकानों का जायज़ा लिया और प्रभावितों को यथा सम्भव सहायता का आश्वासन दिया।
उन्होंने अपनी ओर से प्रभावित परिवारों को 2.70 लाख रुपये तथा राशन की किटें वितरित की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को शीघ्र सरकार की ओर से दिए जाने वाले मुआवजा दिलवाने के सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष तरसेम चैधरी, पार्षद सुरजीत चैधरी, मनोनीत पार्षद राहुल तथा मदन, ग्राम पंचायत मानपुरा के प्रधान नामदेव, उप प्रधान ज्ञान चंद ठाकुर, मेहर चंद, अच्छर पाल, बिंदु, श्याम लाल, संजीव राणा, मनमोहन सिंह, रघुवीर सिंह, प्रीतम सिंह, बलदेव, गुरमेल सिंह, राम गोपाल, बजेंद्र सिंह, अवतार सिंह, राम सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।















