DNN मंडी
राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला बुधवार को सुन्दरनगर के जवाहर पार्क में आरंभ हो गया। पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने इस पांच दिवसीय मेले का विधिवत शुभारंभ किया । उन्होंने मेले में पधारे देवता मूल माहूनाग सहित अन्य देवी-देवताओं की पूजा अर्चना की तथा सुखदेव वाटिका से निकाली गई शोभा यात्रा में भाग लिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में गुरदेव शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है, देव संस्कृति में अगाध आस्था हमारी विशिष्ट पहचान है। देव संस्कृति से जुड़ा सुकेत देवता मेला हमारी परंपराओं का प्रतिबिंब और संस्कृति का प्रतीक है। विविधता में एकता के प्रतीक इस प्रकार के आयोजन से हमारी संस्कृति को संजोने तथा सहजने को बल मिलता है, साथ ही नई पीढ़ी को भी अपनी प्राचीन संस्कृति एवं परम्पराओं को देखने व समझने का अवसर प्राप्त होता है।















