रसूखदारों की राजनीति में एंट्री से आम कार्यकर्ता हो सकता है हताश

Politics Solan

DNN सोलन
नगर निगम चुनाव की आहट के साथ ही सोलन में कांग्रेस व भाजपा के कार्यकर्ताओं को रसूखदार लोगों की राजनीति में दस्तक का एहसास होने लगा है। इससे आगामी समय में दोनों ही दलों में बड़ा घमासान होने के आसार लग रहे हैं क्योंकि नगर निगम की राजनीति के बहाने ऐसे लोग अब राजनीति में आने की तैयारियों में लग गए हैं जिन्होंने पार्टी के आम कार्यकर्ता के तौर पर न तो कभी पोस्टर लगाएं और न ही कभी बैनर।
अब विभिन्न पार्टियों के आला नेताओं से जान पहचान के दम पर वे राजनीति में कदम रखने की तैयारियों में जुट गए हैं। ऐसा हाल किसी एक राजनीतिक दल का नहीं बल्कि दोनों ही दलों का हैं। सोलन के नगर निगम चुनाव में ऐसे नामों की संख्या बड़ी है जो लोग पार्टी के कार्यकर्ता के तौर पर कभी भी किसी कार्यक्रम में नहीं दिखे हैं और अब वे टिकटों के सबसे बड़े दावेदार बने हुए हैं।


हालांकि अभी टिकट अभी फाइनल नहीं हुए हैं। ऐसे लोगों को टिकट मिलता है या नहीं यह भी स्पष्ट नहीं है, लेकिन कई वार्डों में रसूखदार लोगों ने घर घर जाकर अपने लिए राजनीतिक मैदान तैयार करना शुरू कर दिया है। जिससे पार्टी के ऐसे कार्यकर्ता काफी नाराज व हताश दिखाई दे रहे हैं जो कि वर्षों से पार्टी के साथ जुड़ कर चुनाव लड़ने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। यदि सोलन में अच्छी संख्या में रसूखदार लोगों को दोनों ही राजनैतिक दल टिकट देकर चुनाव लड़ाते हैं तो ऐसे में दोनों ही पार्टियों को अपने ही कार्यकर्ताओं के विरोध का अंदर खाते सामना भी करना पड़ सकता है। यह चर्चा शहर में जोरों पर चली हुई है कि आम कार्यकर्ता क्या केवल बैनर पोस्टर लगाने व बड़े नेताओं के आने पर भीड़ एकत्रित करने के लिए ही रह गए हैं। आगामी दिनों में टिकट आवंटन में रसूखदार लोगों की राजनीति में एंट्री होती है या नहीं इसको लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। पर वर्तमान में रसूखदार लोगों की सक्रियता से दोनों ही दलों में आम कार्यकर्ता काफी परेशान हैं। कुछ कार्यकर्ता तो सोशल मीडिया पर इस संबंध में पोस्ट डालने लगे हैं।

News Archives

Latest News