DNN सोलन
जिला प्रशासन सोलन द्वारा आपदा रक्षक स्वंय सेवी मास्टर ट्रेनर के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, दिल्ली द्वारा लगभग 70 मास्टर ट्रेनर को विभिन्न आपदाओं के समय जीवन रक्षा के संबंध में तैयारी का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इन स्वंय सेवियों को प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदा के समय प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव की जानकारी भी प्रदान की गई। प्रदेश के विशेष सचिव राजस्व एवं राज्य आपदा प्रबधंन प्राधिकरण के परियोजना निदेशक डीसी राणा ने शिविर के शुभारंभ के अवसर पर कहा कि मास्टर ट्रेनर जिले की सभी 211 पंचायतों में 20 से 25 आपदा सहायक तैयार करेंगे। यह प्रशिक्षित श्रमशक्ति आपदाओं के समय सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह किया कि प्रशिक्षण के सभी आयामों की उचित जानकारी प्राप्त करें।

अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी सोलन विवेक चन्देल ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि आपदा के समय समय पर बचाव के लिए किए गए उपाय एवं तैयारी महत्वपूर्ण है। इस कार्य में प्रशिक्षण विशेष रूप से सहायक सिद्ध होता है। शिविर में सेंट जॉन ए बुलेंस ब्रिगेड, दिल्ली के सहायक आयुक्त तेजस वालिया एवं उनकी टीम ने विशेष रक्षक कोर्स प्रशिक्षण प्रदान किया। शिविर के समापन अवसर पर जिला रेडक्रॉस समिति मण्डी के सचिव ओपी भाटिया ने कहा कि आपदाओं के समय रेडक्रॉस की भूमिका कहीं अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने आपदा प्रबन्धन में जिला रेडक्रॉस समिति मण्डी की तैयारी एवं प्रयासों की जानकारी प्रदान की। ओपी भाटिया ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

















