मेले व त्यौहार हमारी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर : सरवीन चौधरी

Kangra Politics

DNN धर्मशाला 

शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने गत रात्रि वीरवार को नागनपट्ट, कलियाड़ा व बन्डी गणेश उत्सव कमेटी द्वारा आयोजित गणेश पूजा कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने सभी को गणेश पर्व की शुभकामनायें देते हुये कहा कि गणेश उत्सव का यह पर्व लोगों की भगवान गणेश में अटूट आस्था एवं अपार श्रद्धा का पर्व है। यह पर्व व्यक्तिगत बुराइयों एवं समाज में व्याप्त कुरीतियों को त्याग कर लोगों में प्रेम, विश्वास एवं सहिष्णुता की भावना को बल देता है।
  इस अवसर पर अपने सम्बोधन में शहरी विकास मंत्री ने कहा कि मेले व त्यौहार हमारी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर हैं और इन समारोहों के आयोजनों से हमारी युवा पीढ़ी पुरातन संस्कृति से रूबरू होती है। सरवीन चौधरी ने कहा कि हिमाचल सरकार मंदिरों के सौन्दर्यकरण और उनमें विभिन्न सुविधाएं विकसित करने पर बल दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्ष भर विभिन्न अवसरों पर मेलों का आयोजन किया जाता है जो समाज में समरस्ता और मेलजोल की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं साथ ही हमारी समृद्व संस्कृति एवं परम्पराओं का संरक्षण एवं संवर्धन भी करते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण एवं बढ़ावा देने के लिये प्रतिबद्ध है तथा प्रदेश भर में विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग अवसरों पर आयोजित होने वाले मेलों के आयोजनों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि गणेश पर्व को और बेहतर बनाने के लिए हम सब को मिलजुल कर कार्य करना चाहिए।

  इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री ने गणेश उत्सव कमेटी को 11 हजार रुपये तथा कलियाड़ा में शैड बनाने को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर योगराज चड्डा, दीपक अवस्थी, किशोरी लाल, प्रधान बन्डी सपना देवी, तिलक शर्मा उपप्रधान घरोह, सुनीता, विजय, संदेश कपूर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

News Archives

Latest News