मुख्यमंत्री ने की करसोग में पॉलीटैक्नीक कॉलेज खोलने की घोषणा

Mandi Politics

DNN मण्डी
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मण्डी ज़िला के करसोग विधानसभा क्षेत्र के करसोग में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि ततापानी को मुख्य धार्मिक व पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने करसोग में पॉलीटैक्नीक कॉलेज निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार केन्द्र से पर्यटन क्षेत्र के लिए 1900 करोड़ रुपये, बागवानी के लिए 1680 करोड़ रुपये तथा सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य के लिए 800 करोड़ रुपये प्राप्त करने में सफल हुई है जो प्रदेश सरकार की राज्य के कल्याण के प्रति वचनबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार का चार वर्षों का कार्यकाल उपलब्धियों भरा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश के 12 करोड़ किसानों को लाभान्वित करने के लिए 14 मुख्य फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्यों में वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के किसानों की आय वर्ष 2022 तक दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उदारता तथा प्रदेश के लोगों के प्यार और आशीर्वाद के कारण लोगों की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचली टोपी, हिमाचल की संस्कृति का गौरव है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग अपने संकुचित हितों के कारण लोगों को टोपी के रंग के आधार पर बांटने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि वे राजनीतिक द्वेष व प्रतिशोध के विरूद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास व प्रगति सुनिश्चित करना राज्य सरकार का एकमात्र लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आरम्भ किया गया जनमंच कार्यक्रम लोगों की शिकायतों का उनके घर-द्वार के निकट निवारण सुनिश्चित करने के लिए आरम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता यह दावा कर रहे हैं कि वर्तमान सरकार द्वारा आरम्भ किए जा रही सभी विकासात्मक परियोजनाएं उनके स्वप्न थे। उन्होंने विपक्ष के नेताओं से जानना चाहा कि इन योजनाओं को आरम्भ करने के लिए उन्हें किसने रोका था तथा कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार स्वप्नों पर नहीं बल्कि कार्य करने पर विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने अपने छोटे से छः माह के कार्यकाल में समाज के सभी वर्गों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाएं आरम्भ की हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के सभी परिवारों को गैस कनैक्शन सुनिश्चित बनाने के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने प्रदेश के प्रमुख मंदिरों से एकत्रित चढ़ावे की धनराशि तक का दुरूपयोग किया, जबकि वर्तमान प्रदेश सरकार ने मंदिरों से चढ़ावे का 15 प्रतिशत गौसदनों के निर्माण व रख-रखाव पर खर्च करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिस पर अब कुछ नेता बहुत हो-हल्ला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने हेलीकॉप्टर को पर्यटकों की सुविधा के लिए सप्ताह के तीन दिन हेलीटैक्सी के रूप में उपयोग करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने करसोग स्थित 100 बिस्तरों वाले अस्पताल को स्तरोन्नत कर 150 बिस्तरों वाले अस्पताल करने की घोषणा तथा ममेल में 10 बिस्तरों की क्षमता वाले आयुर्वेदिक अस्पताल को आरम्भ करने की घोषणा की। उन्होंने करसोग बस अड्डे के लिए एक करोड़ रुपये तथा करसोग में सड़कों के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने सिचांई एवं जन स्वास्थ्य मंडल कोटलू, स्वास्थ्य उप केन्द्र काओ, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला माहूनाग में विज्ञान कक्षाएं आरम्भ करने, पांगना में वाणिज्य कक्षाएं आरम्भ करना, राजकीय उच्च पाठशाला लाला को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करना तथा माध्यमिक पाठशाला कलाम को स्तरोन्नत कर उच्च पाठशाला करने की घोषणा की। उन्होंने ममेल तथा कामक्षा मंदिर को पांच-पांच लाख रुपये प्रदान करने की भी घोषणा की। उन्होंन प्रेस क्लब करसोग को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।

News Archives

Latest News