डीएनएन सोलन
सोलन शहर के माल रोड पर कई माह से तोड़ी गई निकास नालियों की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। कार्य को शुरू करने के लिए लोक निर्माण विभाग को उपायुक्त ने 15 लाख रुपये जारी कर दिए हैं। विभाग आगामी 20 मार्च को कार्य स्थल का निरीक्षण करेगा।
माल रोड पर निकास नालियों को हाईकोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण को हटाने के लिए तोड़ा दिया था। इस दौरान प्रशासन ने निकाल नालियों को ढकने का आश्वासन दिया था। इस मामले पर कई माह बीत जाने के बाद भी निकास नालियों को बनाने का कार्य शुरू नहीं हो पाया। इन निकास नालियों के चालू न होने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। वहीं निकास नालियों में एकत्रित दूषित पानी के कारण जलजनित रोग फैलने का खतरा पैदा हो गया था। इस पर विभिन्न संस्थाओं ने प्रशासन से गुहार लगाई थी। इस पर प्रशासन व विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं गई थी। लोक निर्माण विभाग ने नालियों को ढकने के लिए करीब 70 लाख की योजना तैयार की थी। योजना के तहत पुराना बस स्टैंड से सपरून चौक तक नालियों को ढकने का कार्य किया जाना था। बजट अधिक होने के कारण प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया गया था। उपायुक्त विनोद कुमार ने नालियों को बनाने के लिए 15 लाख रुपये का बजट जारी किया है। इस बजट से पुराना बस अड्डे से लेकर डीसी चौक तक नालियां बनाई जाएगी।
व्यापार मंडल सोलन के पदाधिकारियों की एक बैठक लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में हुई। इसमें नालियों का मुद्दा मुख्य रहा। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नालियों को इस तरह से बनाया जाएगा जिससे नालियों में पानी कभी खड़ा नहीं होगा कूड़ा कर्कट गिरने की संभावना कम रहेगी। इस अवसर पर व्यापार मंडल सोलन के प्रधान मुकेश गुप्ता, महासचिव मनोज गुप्ता व कोषाध्यक्ष योगेंद्र सेठी मौजूद रहे।















