मनाली में 64 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, गोविंद ठाकुर ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

Kullu Others

 

DNN कुल्लू ब्यूरो  

29 अगस्त।  शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने मनाली विधानसभा क्षेत्र में 64 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार जताया। इन परियोजनाओं में 9.09 करोड़ रुपये की लागत से 17 मील में ब्यास नदी पर स्पैन जो क्षेत्र की 11 पंचायतों की आबादी को लाभान्वित करेगा ा तथा लगभग 5 करोड़ की लागत से मनाली में पुलिस स्टेशन के निर्माण का लोकार्पण शामिल हैं।

इसके अलावा 6 अन्य परियेाजनाएं हैं जिनका मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में 16.93 करोड़ लागत से रामशिला राष्ट्रीय उच्च मार्ग से भेखली, जिन्दौड़, ब्यासर सडक का स्तरोन्यन, 19.70 करोड़ की लागत से रायसन शिरड़, शिलीहार सड़क का स्तरोन्यन, सात करोड़ से विश्राम गृह मनाली में अतिरिक्त आवास का निर्माण, 4.60 करोड़ की लागत से पुरानी मनाली से चोल नाला जलापूर्ति योजना का सुधार कार्य, 89.40 लाख की लागत से बागा, रायसन तथा रायसन बिहाल जलापूर्ति योजना का सुधार कार्य तथा 60.51 लाख की लागत से शरण, कलौन्टी तथा माहिली जलापूर्ति योजना का रेट्रोफिटिंग कार्य शामिल है। इस अवसर पर संबोधित करते हुए गोविंद ठाकुर ने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र में अनेकों परियोजनाओं के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं जिनका भूमि पूजन मुख्यमंत्री ने पिछले दो सालों के दौरान किया है। उन्होंने कहा कि मनाली शहर तथा आस पास के क्षेत्रों के लिए 162 करोड़ की मल निकासी परियोजना की निविदाएं आमंत्रित की गई हैं और जल्द निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। इसके अलावा, अनेक जलापूर्ति व पुलों के निर्माण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री से जब भी कोई योजना की मांग की गई, उन्होंने तुरंत से इसे पूरा किया और धनराशि भी स्वीकृत की।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के लिए नई शिक्षा नीति लाई है जो दशकों पुरानी शिक्षा प्रणाली में महत्वपूर्ण सुधार सुनिश्चित बनाएगी और इस नीति के लागू हो जाने पर देश में बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि नई शिक्षा नीति का प्रदेश में अक्षरशः क्रियान्वयन सुनिश्चित बनाया जाए। इसके लिए वह लगातार अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को नई शिक्षा नीति लागू करने वाला देश का पहला प्रदेश बनाना उनकी प्राथमिकता है।

इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री डाॅ. राम लाल मारकण्डा, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक सुरेन्द्र शौरी, उपाध्यक्ष एचपीएमसी राम सिंह, उपाध्यक्ष प्रदेश भाजपा धनेश्वरी ठाकुर, अध्यक्ष नगर परिषद मनाली नीना ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष भीम सिंह, महामंत्री अखिलेष कपूर, मण्डलाध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, किसान मोर्चा के अध्यक्ष रीमन सिंह, उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा सहित पंचायती राज संस्थानों के चुने हुए प्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News