DNN धर्मशाला
दिव्यांगों को मतदान के लिए बूथ केंद्रों तक ले जाने के लिए चुनाव आयोग के माध्यम से वाहन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी संदीप कुमार ने देते हुए बताया कि चुनाव आयोग द्वारा इस बार सुगम मतदान का थीम निर्धारित किया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान कर सकें।
उन्होंने कहा कि बूथ केंद्रों तक वाहन की सुविधा प्राप्त करने के लिए दिव्यांग अपने बूथ मतदान केंद्र अधिकारियों या सहायक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं इसके साथ ही व्हील चेयर के लिए भी ऐप के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि दिव्यांगों को मतदान के लिए जागरूक करने के लिए स्वीप के तहत भी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर भी रैंप इत्यादि की बेहतर व्यवस्था करने के दिशा निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पात्र दिव्यांगों के घर घर जाकर मतदाता पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं तथा कांगड़ा जिला में अब तक 5718 दिव्यांगों के वोटर आईडी कार्ड बनाए जा चुके हैं। लोकसभा निर्वाचन-2019 के तहत मतदान केंद्र अधिकारी एक अप्रैल से लेकर पांच अप्रैल तक घर-घर जाकर एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं के वोटर आईडी कार्ड के लिए निर्धारित प्रपत्र भरवाने के लिए अभियान आरंभ किया गया है ताकि कोई भी युवा मतदाता वोट डालने के हक से वंचित नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि नोमिनेशन से दस दिन पहले तक नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा सकते हैं। सभी नागरिकों से भी आग्रह करते हुए कहा कि कोई भी मतदाता अगर वोटर आईडी कार्ड बनाने से छूट गया है तो इसकी जानकारी संबंधित मतदान केंद्र अधिकारी को दें ताकि समय पर उनका वोटर आईडी कार्ड बनाया जा सके।















