DNN बिलासपुर
9 नवम्बर:- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय की अध्यक्षता में 1 जनवरी, 2022 की अहर्ता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुर्ननिरीक्षण के दृष्टिगत विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुर्ननिरीक्षण करवाने का निर्णय लिया गया है। यह विशेष संक्षिप्त पुर्ननिरीक्षण 10 नवम्बर से आरम्भ होकर 9 दिसम्बर, 2021 तक चलेगा तथा मतदाता सूचियों को 15 जनवरी, 2022 को अंतिम रुप में प्रकाशित किया जाएगा। विशेष संक्षिप्त पुर्ननिरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारुप प्रकाशन 10 नवम्बर, 2021 को किया जाएगा। 10 नवम्बर से 9 दिसम्बर, 2021 तक दावे/आक्षेप दाखिल किए जा सकेंगे।
इस पुर्ननिरीक्षण के दौरान ऐसे मतदाता जिनकी आयु 1 जनवरी, 2022 को 18 वर्ष पूर्ण कर चुके है और जिनका नाम फोटोयुक्त मतदाता सूची में दर्ज नहीं है वे सभी समूचित फार्म भरकर अपना नाम दर्ज करवाने के लिए नवीनतम पास्टपोर्ट साइज रंगीन फोटो, जन्मतिथि का साक्ष्य तथा अपने आवास से सम्बन्धित दस्तावेज की प्रति सहित मतदात केन्द्र के अभिहित अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकते है। मतदान केन्द्रों पर दावे व आक्षेप प्राप्त करने के लिए अभिहित अधिकारियों की नियुक्ति सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा की जाएगी।अभियान के दौरान 14 नवम्बर, 2021 तथा 28 नवम्बर, 2021 रविवार के दिन विशेष अभियान दिवस होगा तथा 31 दिसम्बर, 2021 प्राप्त दावे व आक्षेपों का निपटारा किया जाएगा। फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी, 2022 को किया जाएगा।उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से निवेदन किया कि उपरोक्त कार्यों के लिए सभी बूथ पर राजनैतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एंजेट की नियुक्ति की जानी है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दल अति शीघ्र प्रत्येक मतदान केन्द्र के लिए एक-एक बूथ लेवल एंजेट नियुक्त कर सम्बन्धित सूचना निर्धारित प्रपत्र पर सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रस्तुत करें।उन्होंने सभी राजनैतिक दलों और कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित अद्यतन रखने के लिए इस प्रयोजन में नियुक्त सम्बन्धित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें।इस विशेष अभिंयान के दौरान जिन मतदाताओं के फोटो धुंधले या खराब हो चुके है वे अपना नवीनतम रंगीन फोटो प्रारुप 8 पर लगाकर सम्बन्धित बूथ लेवल अधिकारी के पास नया पहचान पत्र बनाने के लिए जमा करवा सकता है।बैठक में तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चैहान, नायब तहसीलदार निर्वाचन राजेश कौंडल सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















