मण्डलायुक्त एवं मतदाता सूची प्रेक्षक 5 को मनाली में-सुरेन्द्र

Himachal News Kullu Others

DNN कुल्लू

03 सितम्बर। एसडीएम एवं निर्वाचक रजिष्ट्रीकरण अधिकारी मनाली सुरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान  गतिविधियों के पर्यवेक्षण के लिये मण्डी के मण्डलायुक्त एवं मतदाता सूची प्रेक्षक आगामी 5 सितम्बर को मनाली का दौरा करेंगे। गौरतलब है कि मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 16 अगस्त से 10 अक्तूबर 2022 तक जारी है।
एसडीएम ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाता सूची प्रेक्षक प्राप्त हो रहे दावे व आक्षेपों के निपटारे की गुणवत्ता, मतदाता सूचियों में लिंग अनुपात, जनसंख्या अनुपात व आयु वर्गवार पंजीकरण में अंतर को कम करने के लिये जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा किये जा रहे कार्यों का प्रेक्षण करेंगे। इस दौरान पाई गई विसंगतियों के निवारण हेतु आवश्यक निर्देश भी देंगे। पुनरीक्षण अवधि के दौरान प्रेक्षक तीन क्षेत्रीय दौरे करेंगे। पहले दौरे में मौजूदा सांसदों, विधायकों व राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे। प्रत्येक दौरे के उपरांत मतदाता सूची प्रेक्षक मुख्य निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से आयोग को रिपोर्ट प्रेषित करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी सूचित किया है कि किसी भी राजनैतिक दल अथवा सर्वसाधारण को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2022 के संदर्भ में यदि कोई विषय प्रस्तुत करना हो तो वे अपने मण्डल के मतदाता सूची प्रेक्षक को उनके दूरभाष संख्या 01905237841 पर संपर्क कर सकते हैं।

News Archives