DNN कुल्लू
21 अप्रैल। जिला कुल्लू में नशा तस्करों पर कुल्लू पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। आए दिन पुलिस की टीम जगह-जगह नाके पर हेरोइन व चरस की तस्करी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। तो वहीं इस धंधे से जुड़े हुए अन्य लोगों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ताकि जिला कुल्लू को नशा मुक्त बनाया जा सके। इसी कड़ी में पुलिस की टीम ने मणिकर्ण घाटी के डूंखरा पास एक युवक से 908 ग्राम चरस बरामद की है। कुल्लू पुलिस ने युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन करनी आरंभ कर दी है। युवक की पहचान हेतराम निवासी सुहल डरकघर लगौटी तहसील आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मलाणा सड़क मार्ग में चरस तस्करी हो रही है। इसी आधार पर टीम ने मलाणा सड़क में डुंखरा नामक जगह के पास नाकाबंदी की। इस दौरान हर आने जाने वालों की पुलिस पूछताछ कर रही थी। तभी मलाणा की तरफ से एक युवक पैदल आ रहा था, वह पुलिस को देखकर हड़बड़ा गया। शक के आधार पर पुलिस टीम ने युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 908 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस टीम ने युवक को गिरफ्तार कर छानबीन करनी आरंभ कर दी है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि चरस तस्कर को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद आरोपित से पुलिस कड़ी पूछताछ करेगी। चरस कहां से लाई और कहां ले जाई जा रही थी।















