मंत्री ने जांची स्वास्थ्य केंद्र भवन की जमीन

Kangra Politics

 

DNN धर्मशाला
शहरी विकास मंत्री सरवीन चौधरी ने बुधवार को शाहपुर क्षेत्र के नागनपट्ट गांव में स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के भवन के लिए 6 कनाल भूमि का चयन कर लिया गया है और सभी संबंधित विभागों को अगले दस दिन के भीतर निर्माण से जुड़े अनापत्ति प्रमाण पत्र देने के लिए कहा गया है।
उन्होंने उपमंडलाधिकारी शाहपुर को यह सुनिश्चित करने के निर्देश कि सभी संबंधित विभाग जल्दी से सभी औपचारिकताएं पूरी करें ताकि निर्माण कार्य जल्दी से जल्दी शुरू किया का सके । गौरतलब है कि शहरी विकास मंत्री के प्रभावी प्रयासों से मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपने पहले ही शाहपुर प्रवास के दौरान नागनपट्ट गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की थी।

सरवीन चौधरी ने कहा कि सरकार ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने पर जोर दे रही है। स्वास्थ्य संस्थानों के ढांचागत विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहरों के साथ साथ दूरदराज व ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अत्याधुनिक लेकिन किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता प्रदान की गई है। सरवीन चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त चिकित्सक एवं सहायक स्टाफ तैनात करने की दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है। सरकार ने इसके लिए वर्तमान वित्त वर्ष में 2302 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

इसे पहले, शहरी विकास मंत्री सरवीन चौधरी ने सलोल पंचायत के काथला माता मन्दिर में शत चंडी यज्ञ में पूर्ण आहुति डाली । उन्होंने माता के मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की और मन्दिर परिसर के नजदीक मुश्की कपूर का पौधा लगाया । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मन्दिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विकास अथवा निर्माण कार्य आवश्यकता के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध करवाया जाएगा।
मन्दिर कमेटी के प्रधान टेक चंद ने मन्दिर आगमन पर मंत्री का आभार जताया। कमेटी के सदस्य कैप्टन वकील सिंह, नवनीत शर्मा ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। सदस्यों मन्दिर कमेटी की ओर से शहरी विकास मंत्री को माता की फ़ोटो भेंट की।

News Archives

Latest News