DNN मनाली (रेणुका गोस्वामी)
कुल्लू पुलिस ने चरस तस्करी के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। करीब 15 किलो चरस के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस ने पाया कि महिलाएं है चरस पर्यटकों को बेचने के लिए ले जा रही थी। मणिकर्ण पुलिस चौकी की टीम ने देर रात सुमारोपा के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान दोनों महिलाओँ को चरस के साथ पकड़ा है।
एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया श्रेया थापा ओर विष्णु कला नाम की नेपाली मूल की महिलाओं से यह खेप बरामद की है। रात को दो बजे यह टैक्सी में कसोल की तरफ जा रही थीं, पुलिस टीम ने गाड़ी की तलाशी के दौरान यह खेप बरामद की है। बताया जा रहा है यह चरस नववर्ष के जश्न में पर्यटकों को बेची जानी थी। बताया जा रहा है गाड़ी में सवार 26 वर्षीय श्रेया थापा सागर से 10.190 किलोग्राम चरस और 32 वर्षीय विष्णु कला से 5.212 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दोनों कपिलवस्तु, लुंबिनी नेपाल की रहने वाली हैं।
एसपी कुल्लू ने बताया दोनों हरिद्वार बस के जरिये भुंतर पहुंची थीं और उसके बाद 1000 रुपये में टैक्सी स्विफ्ट डिजायर किराये पर ली। चरस महिलाओं के चारों ओर लिपटी हुई थी। महिला अभियुक्त होने के नाते, महिला पुलिस ने जब जांच की तो ये चरस पकड़ी गई। टैक्सी चालक को तस्करी में शामिल नहीं पाया गया। बताया जा रहा है कि इस चरस को कसोल में बेचा जाना था।