भाजपा की चार्जशीट साबित हुईं झूठ का पुलिंदा, हम डरने वाले नहीं : सुक्खू

Politics
DNN शिमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चार्जशीट को लेकर छिड़ी जुबानी जंग में सीएम जयराम ठाकुर पर पलटवार किया है। सुक्खू ने कहा कि भाजपा की चार्जशीट से कांग्रेस न तो डरी है, न डरेगी। भाजपा की चार्जशीट हमेशा झूठ का पुलिंदा रही है। चार्जशीट के नाम पर सीएम धमकियां देना बंद करें। प्रदेश और देश की सभी सर्वोच्च जांच एजेंसियां भाजपा सरकारों के ही अधीन हैं। सीएम जिस मर्जी एजेंसी से चार्जशीट की जांच करा लें, कुछ नहीं निकलने वाला। कांग्रेस भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल की चार्जशीट तैयार करने को जल्दी कमेटी गठित करेगी। इससे भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आएगा। सुक्खू ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी व प्रदेश की जयराम सरकार की नाकामियां उजागर करने के लिए वह राज्यव्यापी दौरा करने जा रहे हैं।
                 9 नवंबर को निरमंड से इसकी शुरुआत होगी। 10 नवंबर को वह ठियोग में भाजपा सरकारों की पोल खोलेंगे। नोटबंदी के दो साल पूरा होने पर 9 नवंबर को प्रदेश भर में काला दिवस मनाया जाएगा। चूंकि, नोटबंदी देश के इतिहास का काला अध्याय है। यह बहुत बड़ा घोटाला है, जिसमें भाजपा नेताओं ने काले धन को सफेद किया। इससे देश को भारी नुकसान हुआ, काला धन तो आया नहीं, उल्टा नए नोट छापने में 21 हजार करोड़ रुपये खर्च हो गए। मोदी सरकार के साढ़े चार साल व जयराम सरकार के एक साल के कार्यकाल में जनता का जीना दूभर हो गया है। महंगाई चरम पर है।
                 कांग्रेस के साथ वर्ष के शासनकाल में जो सिलेंडर साढ़े चार सौ रुपये से महंगा नहीं हुआ, वही सिलेंडर मोदी राज में 1000 रुपये का मिल रहा है। सुक्खू ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें आज सबसे ऊंचे स्तर पर हैं। जबकि कच्चे तेल के दाम बेहद गिरे हैं। रुपया आज डॉलर के मुकाबले सबसे निचले स्तर पर है। किसी के खाते में 15-15 लाख रुपये नहीं आए। न युवाओं को हर साल दो करोड़ रोजगार मिले। मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में हिमाचल से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया है। सुक्खू ने बताया की राज्यव्यापी दौरे के दौरान वह मोदी सरकार की वादाखिलाफी व जनविरोधी नीतियों को जन-जन के समक्ष उजागर करेंगे। जनता से लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया जाएगा।

News Archives

Latest News