बीएमओ से सीएमओ के पद पर पदोन्नत डॉ अजय पाठक के लिए विदाई कार्यक्रम का

Himachal News Nalagarh Others
DNN नालागढ़
17 मार्च हाल ही में खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ के पद से मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर पदोन्नत हुए क्षेत्र के जाने-माने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ अजय पाठक के सम्मान में रेड क्रॉस सोसाइटी नालागढ़ द्वारा एक  विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर ने डॉ अजय पाठक के कार्यकाल की सराहना करते हुए जानकारी दी कि डॉ अजय पाठक ने अपने दो विभिन्न कार्यकालों के दौरान नालागढ़ अस्पताल को ईएनटी विशेषज्ञ के रूप में अपनी बेहतरीन सेवाएं दी है इसलिए उनका चिकित्सा के क्षेत्र में इस इलाके में एक विशेष नाम है। उन्होंने कहा कि यह डॉक्टर अजय पाठक के बेहतरीन कार्य व्यवहार का ही परिणाम है कि आज हर व्यक्ति जहां उनकी पदोन्नति से खुश है वहीं उनके नालागढ़ छोड़ने के मौके पर बेहद मायूस है। उनका प्रथम कार्यकाल वर्ष 2005 से 2013 तक रहा है जबकि दूसरा कार्यकाल वर्ष 2017 से अब तक का है तथा इस दौरान भी जुलाई 2021 से बह खंड चिकित्सा अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ अजय पाठक एक बेहद ईमानदार और कर्तव्य परायण व्यक्तित्व है तथा नालागढ़ अस्पताल में खंड चिकित्सा अधिकारी के रूप में उनके संक्षिप्त कार्यकाल के दौरान अनेक विकास कार्य उन्होंने करवाए । इस अवसर पर एसडीएम नालागढ़ ने डॉ अजय पाठक को शाल, टोपी तथा पुष्प गुच्छ देखकर सम्मानित भी किया।
उल्लेखनीय है कि पदोन्नति के उपरांत डॉ पाठक नागरिक चिकित्सालय रोडू में चिकित्सा अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं देने जा रहे हैं। पेशे से डॉक्टर अजय पाठक न केवल चिकित्सा के क्षेत्र में एक कामयाब पेशेवर हैं बल्कि साहित्य के क्षेत्र में भी उनकी विशेष पहचान है मौका कोई भी हो डॉ अजय पाठक की लेखनी के जरिए समाचार पत्रों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से पाठकों को उनका प्रेरणादायक मार्गदर्शन मिलता रहता है। वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान  डॉक्टर अजय पाठक ने निरंतर कई सप्ताह तक अपने घर गए बगैर  24 घंटे तक लगातार जनसेवा करते हुए मानवीय सेवा की एक मिसाल पेश की है। कोरोना काल में मानवीय सेवा के लिए उनके बेहतरीन योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा 25 जनवरी के दिन राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जा चुका है।
विदाई समारोह में उपस्थित दून वैली पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष राजीव शर्मा व सहायक लोक संपर्क अधिकारी बलबीर भारद्वाज के अलावा सभी रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्यों तथा सरकारी विभागों के अधिकारियों ने भी डॉ अजय पाठक के सम्मान ने उनके कार्य व्यवहार के विषय में अपने अनुभव सांझा किए। इस अवसर पर एसडीम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर ने उनके सम्मान में परिंदों को मिलेगी मंजिल एक दिन नामक रचना प्रस्तुत की। वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉक्टर  भारत भूषण करकरा ने जब हिंदी गाना “चल उड़ जा रे पंछी के अब यह देश हुआ बेगाना” गाया तो कुछ क्षण के लिए बैठक हाल में उपस्थित सभी लोग भावुक हो गए।
इस मौके पर डॉक्टर अजय पाठक ने रूंधे स्वर में कहा कि नालागढ़ में लंबे समय तक काम करने के दौरान इस क्षेत्र के लोगों से बहुत सनेह मिला है इसलिए पदोन्नति की खुशी के बावजूद यहां से जाने के नाम पर मन उदास है। उन्होंने कहा कि खंड चिकित्सा अधिकारी के रूप में छोटे से कार्यकाल के बावजूद नालागढ़ प्रशासन के मार्गदर्शन व सहयोग से कई महत्वपूर्ण कार्य करने में सफलता मिली है जिन का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके द्वारा किए गए प्रयास भविष्य में इस क्षेत्र की जनता के लिए  कल्याणकारी साबित होंगे।  उन्होंने सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए एसडीएम नालागढ़ सहित रेड क्रॉस सोसाइटी नालागढ़ के पदाधिकारियों का भी विशेष आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नालागढ़ ट्रक यूनियन के प्रधान विद्या रतन चौधरी, दून वैली पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष राजीव शर्मा, लॉर्ड महावीरा नर्सिंग कॉलेज से डॉक्टर आशिमा जैन, वरिष्ठ संवाददाता एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य आरूनी पाठक, पशुपालन विभाग के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉक्टर बीबी गुप्ता, सीडीपीओ नालागढ़ रमेश चंद, तहसील कल्याण अधिकारी नालागढ़ करण वर्मा, एसईबीपीओ नालागढ़ संजय वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।

News Archives

Latest News