बारिश: हिमाचल में थमे बसों के पहिए कई रूटों पर बसें फंसी

Himachal News Others Shimla
Dnewsnetwork

हिमाचल प्रदेश ( Himachal Pradesh) में बारिश कहर बरपा रही है। बारिश के कारण लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण प्रदेश में कई सड़के बंद हो चुकी है। कई स्थानों पर तो सड़कों के बड़े बड़े हिस्से बह भी गए है। बारिश के कारण प्रदेशभर में सड़क मार्ग बंद होने से बसों के रूट प्रभावित हो रहे हैं स्थिति ये है कि बसें बस अड्डों पर ही खड़ी हैं। मंगलवार को करीब 862 रूटों पर बस सेवाएं ठप्प रहीं। वहीं जिन रूटों पर निगम द्वारा बसें भेजी गईं उन रूटों पर भी बसें फंसी रहीं जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 241 रूटों पर बसें फंसी रहीं। कई रूटों पर मुश्किल से सड़क मार्ग अस्थायी रूप से बहाल करने के बाद रूटों से बसें अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच सकीं। भारी बारिश के चलते कुल्लू व चम्बा में सबसे अधिक रूटों पर बस सेवाएं ठप्प रहीं। चंबा में 152, कुल्लू में 93 रूटों पर बस सेवाएं बदं। वहीं आगामी दिनों में जब तक सड़क मार्ग खुल नहीं जाते कुल्लू के रूटों पर बसें बंद रहेंगी।

इसके अतिरिक्त रोहड़ू में 90, रामपुर में 78, करसोग 44, तारादेवी 46, बिलासपुर 45, केलांग 44, धर्मशाला 26, शिमला लोकल 40, सहित निगम के अन्य यूनिटों में भी बस सेवाएं बाधित रहीं। निगम अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में सड़क मार्ग बंद हैं। इन मार्गों पर बसें चलाना बहुत मुश्किल हो रहा है, ऐसे में जैसे ही सड़क मार्ग बहाल होते हैं रूटों पर बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। निगम के बस संचालन बंद होने से निगम को प्रतिदिन 1 करोड़ से अधिक का घाटा हो रहा है। जिससे निगम की कमाई आधी हो गई है।
एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि प्रदेशभर में सड़क मार्ग बंद होने से बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन 850 से अधिक रूट बंद रह रहे हैं। वहीं बसें रूटों पर फंस रही हैं। इसके अतिरिक्त जिन जिलों में सड़क मार्ग सही है निगम लगातार बसें चला रहा है। बसों के संचालन ठप्प होने से निगम को प्रतिदिन करोड़ों रुपए का भी घाटा हो रहा है।
वहीं आज 3 सितम्बर को भी पूरे प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद प्रदेशभर में बारिश तो होगी लेकिन मौसम विभाग ने बारिश को लेकर किसी भी प्रकार चेतावनी जारी नहीं की है। 4 से 6 सितम्बर तक प्रदेशभर में कुछेक हिस्सों में बारिश का क्रम जारी रहेगा। वहीं इस दौरान प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना भी विभाग ने जताई है। वहीं मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के नैना देवी में 198 मिलीमीटर सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई।

शिमला जिले के रोहड़ू में 80, जोत में 61, बाग्गी में 58, कुकुमसेरी में 55, नादौन में 53, ओलिंदा में 50, नंगल डैम व ऊना में 49-49, भुंतर व सराहन में 47-47, बंजार में 42 और बिलासपुर में 40 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार 3 नैशनल हाईवे और 1334 सड़कें अवरुद्ध पड़ी हैं। इनमें मंडी जिले में 281, शिमला में 255, चम्बा में 239, सिरमौर में 139 और सोलन में 46 सड़कें बंद हैं।

News Archives

Latest News