डीएनएन बददी
दून विधानसभा क्षेत्र की सौडी पंचायत में एक बाघ ग्रामीणों के पालतू पशुओं को अपना शिकार बना रहा है। पंचायत के मलगन गांव में बाघ ने पशुपालक किशोरी लाल की गाय पर हमला कर उसे मार दिया। बाघ के इस हमले से ग्रामीण दहशत में है। ग्रामीण घर के समीप जंगलों में जानवरों को ले जाने से घबरा गए हैं। लोगों को बाघ के खौफ ने अकेले घर से न निकलने को मजबूर किया है। ग्रामीण बुध राम, किशोरी लाल, जीत राम, पदम ने कहा कि प्रशासन इस बाघ को पिंजरे में कैद करे। जिससे ग्रामीण बिना किसी डर के खेतों में काम कर सके व पशुओं को भी जंगलों में लेकर जा सके। उन्होंने कहा कि पहले भी बाघ के कई हमले उनके जानवरों पर कर चुका है। इस हमले से लोगों को अपनी जान के लिए भी खतरा महसूस हो रहा है। पंचायत प्रधान राजिंद्र कौर ने कहा कि प्रशासन को इस संबंध में पीड़ीत परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करनी चाहिए। पंचायत की ओर से भी प्रभावित को मदद दिलाने का प्रयास किया जायेगा।















