DNN बद्दी (आदित्य चड्ढा )
09 मार्च। राष्ट्रीय मार्ग बद्दी -पिंजौर पर स्थित गुरुनानक मोटर का शटर तोड़ कर लाखों रुपये के नए छोटे व बड़े टायर उड़ा ले गए चोर। चोरों ने चोरी करने से पहले दुकान के बाहर परदा लगाया और सीसीटीवी का डीवीआर भी तोड़कर सभी सुबूत मिटा दिए। सूचना मिलते ही बद्दी पुलिस मौके पर आई और आवश्यक सुबूत जुटाए।
राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित गुरूनानक मोटर के प्रबंधक सुनील ने बताया कि उन्होंने वीरवार को देर सांय आठ बजे अपने दुकान को बंद किया। सुबह जब सफाई कर्मी आया तो दुकान का शटर टुटा हुआ देख कर उसने उन्हें सूचना दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो दुकान से छोटे व बड़े करीब 70 टायर गायब मिले। चोरों ने शटर तोड़ कर दुकान के आगे गाड़ी लगा कर टायर उसमें भर लिए। चोर इतने शातिर निकले की अपने सारे सुबूत मिटाने के लिए पहले ही सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर ही उठा कर ले गए। जिससे चोरी का पता न चल पाए। चोरी किए टायरों की कीमत 7 से 8 लाख के बीच आंकी गई है।
उन्होंने इसकी सूचना बद्दी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आई और शटर व टूटे हुए ताला को देखा तथा दुकान का मौका मुआयना किया। डीएसपी नवदीप सिंह ने चोरी होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने चोरो की तालाश शुरू कर दी है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।















