DNN सोलन
30 मार्च । मुख्य संसदीय सचिव (नगर नियोजन, उद्योग तथा राजस्व) राम कुमार ने आज दून विधानसभा क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड फेस 03 सोसाइटी बद्दी में श्री दुर्गा माता सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा दी गई एम्बुलेंस को जनता को समर्पित किया। राम कुमार ने उपस्थित लोगों को रामनवमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मानव सेवा का जो कार्य ट्रस्ट ने किया है उसके लिए स्थानीय लोग इनके कृतज्ञ हैं क्योंकि उन्होंने मानव सेवा का उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा इससे पहले भी शव वाहन जनता को समर्पित कर मानव सेवा की भावना दिखाई है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा के लिए सभी को बढ़-चढ़ कर कार्य करने चाहिए। समाज में ऐसे बहुत से लोग होते हैं जो धन का सही उपयोग करना जानते हैं।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि बद्दी को चण्डीगढ़ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्क, सड़कों नालियों और गलियों को ठीक किया जाएगा। जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है, वहां पर लाइट शीघ्र लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि बद्दी शहर को एक माडल के रूप में विकसित किया जाएगा।
राम कुमार ने कहा कि स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए बद्दी शहर में स्वच्छ पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड फेस 03 के लिए एक टयूबवैल तथा विलावली वार्ड नम्बर 8 व 9 के लिए एक टयूबवैल स्वीकृत किया।