प्रशासन ने तैयार की गैर वैक्सीनेटेड व्यक्तियों की सूची 

Himachal News Lahaul and Spiti Others
DNN केलांग
18 अगस्त। कोरोना संक्रमण के खतरे पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने के मकसद से जिला प्रशासन ने ऐसे व्यक्तियों की सूची तैयार की है जिन्होंने अभी तक वैक्सीन नहीं लगवाई है। इस सूची में मजदूरों अथवा कामगारों के अलावा कुछ स्थानीय व्यक्ति भी शामिल हैं। उपायुक्त लाहौल- स्पीति नीरज कुमार ने इस तरह की सूची को पंचायत वार तैयार करने के निर्देश दिए हैं ताकि वैक्सीनेशन पर पूरी तरह से फोकस किया जा सके और इस कार्य को हर हाल में सुनिश्चित बनाया जाए।
उन्होंने पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग को कहा है कि यह विभाग अपने फील्ड कर्मचारियों के माध्यम से ऐसे सभी व्यक्तियों की पहचान करें जिन्हें अभी तक वैक्सीन की डोज नहीं मिली है। उन्होंने ये भी कहा कि इस कार्य में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। निर्देश की अनुपालना ना होने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारियों से भी उन  कर्मचारियों की सूची तलब की है जो अवकाश काटने के बाद वापिस आए हैं। गौरतलब है कि उपायुक्त ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत एक आदेश जारी करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि उनके अधीनस्थ जो भी कर्मचारी अवकाश से वापस आएंगे वे तभी ड्यूटी ज्वाइन करेंगे जब उनकी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव  होगी।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को भी हिदायत दी है कि गैर वैक्सीनेटेड व्यक्तियों को वैक्सीन लगाने का काम विशेष कार्य योजना के तहत पूरा किया जाए। इसके अलावा टीकाकरण के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएं। जिनमें सिसु में भी मजदूरों को कोविड वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की जाए जहां गैर वैक्सीनेटेड लोग मौजूद हैं।आज प्रशासन द्वारा उपायुक्त के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मास्क वितरण अभियान भी चलाया गया। इस दौरान एसडीएम प्रिया नागटा ने मास्क वितरित किए और लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक भी किया।
गौरतलब है कि आज घाटी में 3 स्थानों पर इसी तरह के टीकाकरण शिविर लगाए गए हैं। जिनमें मजदूरों अथवा कामगारों के अलावा 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का भी टीकाकरण हुआ है। ये शिविर क्षेत्रीय अस्पताल केलांग के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोंदला में आयोजित किए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मदन बन्धु ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 अगस्त को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसु में बिना पहचान वाले सभी मजदूरों के अलावा 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को पहली और दूसरी डोज लगाई जाएगी। इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गेमुर में भी बिना पहचान वाले सभी मजदूरों के अलावा 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को पहली और दूसरी डोज दी जाएगी। आज हुए टीकाकरण में कुल 563 व्यक्तियों को वैक्सीन दी गई है।

News Archives

Latest News