DNN सोलन
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि आर्थिक उन्नति के लिए उद्योग क्षेत्र का समुचित विकास एवं स्तरोन्नयन आवश्यक है। प्रदेश सरकार हिमाचल में उद्योग क्षेत्र के समुचित विकास एवं उद्योगों के माध्यम से हिमाचल वासियों को अधिक से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। डॉ. सैजल आज सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल के बद्दी के कुल्हाड़ीवाला में 30 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित माइक्रो टर्नर औद्योगिक इकाई का शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. सैजल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा हिमाचल को औद्योगिक पैकेज प्रदान करने के फलस्वरूप राज्य में नियमित एवं सतत् औद्योगिक विकास सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर औद्योगिक अधोसंरचना प्रदान करने तथा उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि राज्य में अधिक से अधिक औद्योगिक निवेश की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इस दिशा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर योजनाबद्ध कार्य कर रहे हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बद्द-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र के समुचित विकास के लिए बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण को इस वर्ष 35 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए हैं। बरोटीवाला-मंधाला-परवाणू तथा बरोटीवाला-गुनाई-परवाणू सड़क को चौड़ा करने के लिए 4 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं।
डॉ. सैजल ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सतत् विकास के लिए उद्योग जगत से अनेक अपेक्षाएं हैं। कॉरपोरेट सोशल रिसपान्सिबिलिटी के तहत विभिन्न उद्योगों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आग्रह किया कि उद्योग हिमाचल के युवाओं को विभिन्न पदों पर कम से कम 80 प्रतिशत रोजगार प्रदान करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने इस अवसर पर कुल्हाड़ीवाला औद्योगिक परिसर में रूद्राक्ष का पौधा भी रोपा।
माइक्रो टर्नर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल सहगल ने सभी का स्वागत किया तथा कंपनी के उत्पादों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि यहां चौपहिया वाहनों के स्पेयर पार्टस, इंजन पार्टस सहित विशेषतौर पर सोनालिका ट्रैक्टर के कलपुर्जों का उत्पादन किया जाएगा। वर्तमान में कंपनी में 165 कर्मचारी कार्यरत हैं। भविष्य में यहां 500 कर्मचारियों को रोजगार प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में माइक्रो टर्नर की इकाईयां बद्दी, मानस, रोहतक, बरोटीवाला तथा परवाणू में हैं। इस अवसर पर दून के विधायक परमजीत सिंह प मी, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेज़ी ठाकुर, भाजपा मंडल बद्दी के अध्यक्ष बलबीर, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, तहसीलदार नालागढ़ केशव राम एवं अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्र के उद्योगपति उपस्थित थे।















