DNN सोलन
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, पशु पालन तथा मत्स्य पालन मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में जिला स्तरीय गणतन्त्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव को सशक्त आर्थिक इकाई बनाने एवं गौवंश के माध्यम से आर्थिक समृद्धि के युग का सूत्रपात करने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में बेसहारा गौवंश को आश्रय देने की दिशा में कार्य कर रही है और एक माह के भीतर सिरमौर जिला के कोटला बड़ोग में 1.52 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किए जा रहे गौ अभ्यारण्य का लोकार्पण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सोलन जिला के नालागढ़ उपमण्डल के हांडाकुण्डी में 03 करोड़ रुपए तथा ऊना जिला के थानाकलां खास में 1.69 करोड़ रुपए की लागत से गौ अभ्यारण्य निर्मित किए जा रहे हैं। इन्हें भी शीघ्र ही क्रियाशील कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में भी बेसहारा गौवंश को आश्रय प्रदान करने के लिए गौ अभ्यारण्य स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल के सभी जिलों में बेसहारा पशुओं की समस्या से मुक्ति दिलाने क लिए कार्य किया जा रहा है।
वीरेंद्र कंवर ने इससे पूर्व राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, गृहरक्षा, एन.सी.सी. एवं स्कूली छात्रों द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक मुनीष कुमार ने परेड का नेतृत्व किया।
ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री ने कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों की और से शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि भी अर्पित की।
पशुपालन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 47.50 करोड़ रुपए की लागत से एक ‘सेक्स सॉर्टिड सीमन फैसिलिटी केन्द्र’ स्थापित किया जा रहा है। इस केन्द्र में देसी नस्ल की गाय के लिए ऐसे इंजेक्शन तैयार किए जाएंगे, जिससे केवल बछड़ी ही पैदा होंगी। इससे सड़क पर बेसहारा पशुओं की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा तथा किसान पशुधन गतिविधियां अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत पालमपुर स्थित भू्रण प्रत्यारोपण प्रयोगशाला में भारतीय साहीवाल नस्ल के भ्रूण तैयार करने के लिए केन्द्र सरकार से 195 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए पंजाब व हरियाणा से उच्च नस्ल साहीवाल गाय की 08 बछडि़यां क्रय की जा चुकी हैं। बेसहारा गौवंश को आश्रय देने के साथ-साथ राज्य में देसी नस्ल की गाय को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सोलन जिला में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत गत 02 वर्षों में 76760 जॉब कार्ड जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत प्रदेश में विशेष रूप से एम्बुलेंस मार्ग, वर्षा जल संग्रहण एवं चिरस्थायी कार्य निर्माण पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सोलन जिला में कृषि, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की गतिविधियों पर विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।
उन्होंने कहा कि सोलन जिला को बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र के लिए जाना जाता है और हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट इस क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी। ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट में 96 हजार करोड़ रुपए से भी अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।















