DNN शिमला
इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बबलू पंडित ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेनूगोपाल से ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी कार्यालय दिल्ली में मुलाकात की। जानकारी देते हुए इंटक के प्रदेश महासचिव महिमन चंद्र व प्रदेश मीडिया प्रभारी ओम शर्मा ने बताया कि इस दौरान बबलू पंडित ने पुरानी पेंशन बहाली को चुनावी घोषणा पत्र में शामिल की मांग रखी। वहीं हिमाचल प्रदेश इंटक की गतिविधियों और आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर इंटक के मास्टर प्लान की विस्तृत जानकारी की कांग्रेस महासचिव केसी वेगूगोपाल को दी। इंटक प्रदेशाध्यक्ष बबलू पंडित ने कहा कि अगर कांग्रेस अपने चुनावी घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन को बहाल करने के एजेंडे को शामिल करती है तो देश के करोड़ों कर्मचारी कांग्रेस के साथ जुड़ेंगे। वहीं कांग्रेस की सरकार आने पर हिमाचल के लाखों कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। महिमन चंद्र व ओम शर्मा ने बताया कि इस दौरान इंटक प्रदेशाध्यक्ष ने हिमाचल इंटक की कार्यप्रणाली का विस्तृत ब्यौरा भी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव को दिया। बबलू पंडित ने केसी वेगूगोपाल को बताया कि इंटक हिमाचल में बूथ स्तर पर मजबूती को काम कर रही है ताकि आगामी लोकसभा चुनावों में संगठन की जीत सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान बबलू पंडित ने हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत का मास्टर प्लान भी कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव के साथ सांझा किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेनूगोपाल ने हिमाचल इंटक की मजबूती के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दों को वह जोरशोर से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी के समक्ष रखेंगे। कांग्रेस की पूरी कोशिश रहेगी की चुनावी मैनीफैस्टो में इस मुद्दो को शामिल किया जाए। केसी वेनूगोपाल ने इंटक प्रदेशाध्यक्ष को आदेश दिए कि वह संगठन की मजबूती को पूरी ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से काम करें।















