DNN कुल्लू
आनी खण्ड की ग्राम पंचायत रोपा के दुर्गम गांव लधैर में पेयजल के लिए हाहाकार मच गया है । प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले आठ महीनों से गाँववासी पानी की एक बूंद के लिए तरस रहे हैं । हालत यह है कि गांव में रहने वाले दर्जन घरों में पेयजल आपूर्ति न होने से ग्रामीणों को एक किलोमीटर दूर खड़ी चढाई में पीठ पर पानी ढोना पड़ रहा है । इतना ही नहीं पेयजल संकट से जूझ रहे क्षेत्र के बुजुर्गों को भी दूर दराज से पानी ढोना पड़ रहा है। ग्रामीण हेत राम, राजकुमार, संजू , कर्म चन्द और अमर चन्द ने बताया कि पिछले आठ महीने से चल रही इस समस्या के प्रति सिंचाई एवं जन स्वास्थ विभाग चैन की नींद सोया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सत्तासीन सरकार के क्षेत्रीय नेताओं को भी कोई फिक्र नहीं है । उन्होंने कहा कि जब सोर्स में पानी भरपूर मात्रा में है तो गाँव में पानी क्यों नहीं ? उन्होंने विधायक विस आनी ,अधिशाषी अभियंता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग आनी से दो दिनों के भीतर पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है ।
गांववासियों ने बाताया कि अगर ऐसा नही हुआ तो मजबूरन लोगों को धरना प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरना पड़ेगा । ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इससे लोगों में काफी रोष है। पानी का रखरखाव करने वाले कर्मचारियों व उच्च अधिकारियों को इस समस्या की जानकारी है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं इस बारे पंचायत प्रधान संजय शाह का कहना है कि इस संबंध में विभाग को कई बार अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस बारे में एसडीओ आइपीएच प्रकाश भारद्वाज का कहना है कि उन्हें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इतने समय लम्बे समय से पेयजल किल्लत हो और विभाग को जानकारी ना हो,ऐसा हो नहीं सकता। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।















