DNN सोलन
सोलन के नौणी में दो दोस्तों द्वारा दिन भर शराब पीने के बाद हुई बहस के कारण एक दोस्त ने अपने कमरे में आत्महत्या ही कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लाया गया है। शुरूआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक युवक यहां एक निजी कंपनी में कार्य करता था। इसने अपने एक दोस्त के साथ शराब पी और इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। दोनों आपस में लडऩे लगे।
इन्हें लड़ता हुआ देखकर लोगों ने उन्हें छुड़वाया और अलग-अलग भेज दिया। वीरेंद्र अपने घर गया और उसने घर के अंदर जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब वीरेंद्र ने अपने घर का दरवाजा नहीं खोला तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस क्षेत्रीय अस्पताल में मृतक के दोस्त से भी मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। ए.एस.पी. शिव कुमार शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मौके पर जाकर दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा। जांच के बाद मामला आत्महत्या का ही लग रहा है।

















