राजीव थापा के गीतों पर झूमे दर्शक, सूर्य यूनिवर्सिटी द्वितीय और LR इंस्टीट्यूट तृतीय स्थान पर
Dnewsnetwork
सोलन। 22वें हिमाचल उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में सोलन जिला की विभिन्न यूनिवर्सिटीज और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ठोडो मैदान में समां बांध दिया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा मुख्य अतिथि तथा नरदेव कंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों ने नृत्य, संगीत और लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बाहरा यूनिवर्सिटी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शूलिनी यूनिवर्सिटी ने द्वितीय और LR इंस्टीट्यूट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सिल्ब और ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कॉलेज को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
संध्या के मुख्य कलाकार सारेगामापा फेम राजीव थापा ने अपनी मधुर आवाज और शानदार अंदाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने ‘ऊपर खुदा आसमान नीचे’, ‘जीने के हैं चार दिन’ जैसे लोकप्रिय हिंदी गीतों के साथ मधुर पहाड़ी गीत भी प्रस्तुत किए। राजीव थापा की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
इससे पहले हिमाचल के लोकप्रिय गायक नरेंद्र नीटू और ज्योति बिष्ट ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही लूटी। वहीं ठियोग के कलाकार सुरेश शर्मा, विकी सीटी और इंदु राज रानी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
डायनामिक इंडिया युवा मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पंकज सूद, संस्थापक उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा एडवोकेट और संस्थापक महासचिव कीर्ति कौशल ने बताया कि हिमाचल उत्सव के दूसरे दिन सोमवार से स्कूली बच्चों की नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्सव का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाना भी है।
पहली सांस्कृतिक संध्या में टीम डायनामिक के संजीव वर्मा, अंकुश सूद, मनोज ठाकुर, रिपुदमन, विशाल सूद, रजत थापा, विजय ठाकुर, निशांत सूद, निशांत शर्मा, अजय भाटिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।














