DNN जाबली(सोलन) (जयदेव अत्रि)
06 जनवरी। हिमाचल प्रदेश में जहां इन दिनों बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणू के साथ लगते क्षेत्र में भारी मात्रा में मरे हुए मुर्गे मिलने से सनसनी फैल गई है। हालांकि,अभी यह पता नहीं लगाया गया है कि क्या यह है मुर्गे बर्ड फ्लू के कारण मरे हैं या कोई अन्य कारण है, लेकिन, पुलिस व वेटेनरी विभाग को हर पहलू की ओर ध्यान देखर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश जारी किए है।जानकारी के अनुसार यह मामला बुधवार को कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच पर चक्कीमोड में पेश आया है। यहां पर मंगलवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने लगभग एक सौ से अधिक मरे हुए मुर्गों को हाई-वे किनारे ही फेंक दिए। जैसे ही बुधवार सुबह लोगों ने यह देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उधर, लोगों ने इस बारे प्रशासन व पुलिस को सूचित किया है। साथ ही उपमंडल अधिकारी कसौली संजीव कुमार धीमान ने भी पुलिस व पशुपालन विभाग को निर्देश जारी किए हैं और पुलिस को मामला दर्ज करने व तुरंत छानबीन करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। उपमंडलाधिकारी कसौली डा. संजीव कुमार धीमान ने बताया कि उन्हें चक्कीमोड़ बाबत जानकारी मिली है कि वहां पर काफी अधिक संख्या में मुर्गे मरे हुए पड़े हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस व वेटेनरी की टीम को निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं और तुरंत सैंपल एकत्र करने के भी निर्देश जारी कर दिए हैं। इसी के साथ उन्होंने बताया कि प्रोटोकॉल को अपनाते हुए इनका डिस्पोज आफ किया जाएगा। बरहाल, अभी यह नहीं कहा जा सकता कि मुर्गे किस कारण मरे होंगे। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।















