एसडीएम रोहड़ू ने पीड़ित परिवारों को जारी की फौरी राहत
Dnewsnetwork
रोहड़ू, 26 अगस्त। रोहड़ू उपमंडल में पब्बर नदी में नहाने के दौरान डूबे दोनों छात्रों के शव स्थानीय लोगों, एनडीआरएफ, पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से बरामद कर लिए गए हैं। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने आज जानकारी देते हुए बताया कि 16 वर्षीय शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल, निवासी करासा तथा 16 वर्षीय सक्षम पुत्र राजदेव, निवासी बनोटी, पब्बर नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम को भी सूचित किया गया, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान में सहयोग किया।
उपमंडलाधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान कोटडु (करासा) निवासी मंगत राम डोगरा ने पहले छात्र का शव पब्बर नदी से बाहर निकाला, जबकि दूसरे छात्र के शव को एनडीआरएफ की टीम के सहयोग से नदी से बाहर निकाला गया। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से दोनों मृतकों के परिजनों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस दुखद हादसे की सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने दोनों मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।












