Dnewsnetwork
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने विधानसभा सत्र के दौरान बद्दी में खेल स्टेडियम के निर्माण को लेकर लगाए गए प्रश्न के उत्तर पर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बद्दी में खेल स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।
विधायक रामकुमार चौधरी ने बताया कि सरकार की ओर से दिए गए लिखित उत्तर के अनुसार 19 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के सोलन जिला के बद्दी दौरे के दौरान युवा सेवाएं एवं खेल विभाग को भूमि हस्तांतरित किए जाने के बाद खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने की घोषणा की गई थी। अब संबंधित भूमि युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के नाम हस्तांतरित होने के उपरांत स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
रामकुमार चौधरी ने कहा कि बद्दी क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा रहते हैं और औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां युवाओं के लिए बेहतर खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है। प्रस्तावित खेल स्टेडियम से युवाओं को विभिन्न खेलों के अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के अवसर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने तथा उन्हें खेल, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की ओर प्रेरित करने में भी मदद मिलेगी।
विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने तथा भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्टेडियम निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बद्दी में आधुनिक खेल सुविधा विकसित होना क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने विधानसभा सत्र के दौरान लगाए गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पीरस्थान में दून एवं नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों के लिए बिजली बोर्ड का एसई (अधीक्षण अभियंता) कार्यालय खोले जाने संबंधी दिए गए आश्वासन पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया ।
विधायक रामकुमार चौधरी ने कहा कि दून और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र औद्योगिक दृष्टि से प्रदेश के महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं और बीबीएन में बड़ी संख्या में उद्योग स्थापित हैं। ऐसे में क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था से संबंधित कार्यों का त्वरित निपटारा बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन में अपने वक्तव्य के माध्यम से आश्वस्त किया है कि पीरस्थान में बिजली बोर्ड का एसई कार्यालय खोला जाएगा। इसके स्थापित होने के बाद दून और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित बिजली बोर्ड की फाइलें सोलन भेजने के बजाय स्थानीय स्तर पर ही उनका निपटारा हो सकेगा। इससे निर्णय प्रक्रिया तेज होगी और क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
रामकुमार चौधरी ने कहा कि पीरस्थान में बिजली बोर्ड का एसई कार्यालय स्थापित होने से विद्युत आपूर्ति, नए कनेक्शन, बिजली के लोड से संबंधित मामलों तथा अन्य तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों की फाइलों का निपटारा स्थानीय स्तर पर ही हो सकेगा। इससे बीबीएन के लोगों और यहां स्थापित उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में ऐसे कई महत्वपूर्ण मामले और फाइलें सोलन स्थित कार्यालय को भेजनी पड़ती हैं, जिससे इनके निपटारे में समय लगता है। पीरस्थान में एसई कार्यालय स्थापित होने के बाद इन मामलों का निपटारा यहीं होने से समय की बचत होगी और उपभोक्ताओं तथा उद्योगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए इस आश्वासन से बीबीएन के उद्योगों के साथ-साथ आम जनता को भी बड़ी राहत मिलेगी। एसई कार्यालय स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से उद्योगों और उपभोक्ताओं से जुड़े विद्युत मामलों के निपटारे में अनावश्यक देरी कम होगी और औद्योगिक गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीरस्थान में बिजली बोर्ड का एसई कार्यालय खोलने संबंधी मुख्यमंत्री का सदन में दिया गया आश्वासन बीबीएन के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।












