पंजाब सरकार से सीख ले हिमाचल सरकार, सीएम चन्नी को सम्मानित करेगा हिमाचल का सवर्ण समाज

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

31 दिसम्बर।

देवभूमि क्षेत्रीय संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर ने शुक्रवार दोपहर जिला मुख्यालय नाहन में एक पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान रूमित सिंह ठाकुर ने जहां पंजाब में चंद दिनों में सवर्ण आयोग को गठित कर लागू करने के फैसले का स्वागत किया, तो वहीं हिमाचल की जयराम सरकार को पंजाब के मुख्यमंत्री से सीख लेने की भी नसीहत दी है।

मीडिया से बात करते हुए देवभूमि क्षेत्रीय संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर ने कहा कि बिना किसी भेदभाव के पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए कुछ ही दिनों में सवर्ण आयोग के गठन कर इसे लागू किया है, उसके लिए पंजाब सरकार बधाई की पात्र है। साथ ही इस फैसले के लिए वह मुख्यमंत्री चन्नी का आभार भी व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में सवर्ण आयोग लागू करने के लिए देवभूमि क्षेत्रीय संगठन व सवर्ण मोर्चा प्रदेश के सवर्ण समाज की तरफ से पंजाब जाकर वहां के मुख्यमंत्री को सम्मानित करेगा।
रूमित सिंह ठाकुर ने हिमाचल सरकार पर सवर्ण आयोग के गठन के मामले में कांग्रेस-भाजपा के सभी विधायकों सहित हिमाचल सरकार को प्रदेश में सवर्ण आयोग के गठन के मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री से सीख लेने की भी नसीहत दी, जिन्होंने कुछ ही दिनों में पंजाब में सवर्ण आयोग को लागू किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार प्रदेश में भी जल्द से जल्द कुछ दिनों में ही सवर्ण आयोग का गठन करें, क्योंकि अब तीन महीने का समय नहीं चाहिए। चंद दिनों में ही सरकार इस फैसले को लागू करें। अन्यथा प्रदेश में महासंग्राम ही तैयारी होगी।
रूमित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आरक्षित विधानसभा सीटों के साथ-साथ शिमला संसदीय सीट को 2022 से पहले जल्द से जल्द सरकार अनारक्षित घोषित करें, अन्यथा प्रदेश में इसको लेकर भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता में रूमित सिंह ठाकुर ने एक के बाद एक हिमाचल सरकार पर जमकर निशाने साधे। साथ ही यह भी स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगे पूरी नहीं होती, तो हिमाचल में एक ऐसा आंदोलन होगा, जोकि आज से पहले कभी प्रदेश में नहीं हुआ होगा।

News Archives

Latest News