DNN नौणी
2 अगस्त । डॉ यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने COVID 19 महामारी को देखते हुए शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए अपने स्नातक कार्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया में थोड़ा संशोधन किया है। इस साल विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक कार्यक्रमों की सामान्य सीटों भरने के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। हाल ही में हुई शैक्षणिक काउंसिल की विशेष बैठक के दौरान इस संबंध में फैसला लिया गया। इस वर्ष सामान्य सीटों के लिए 10+2 की परीक्षा में चार विषयों-अंग्रेजी, फ़िज़िक्स, कैमिस्ट्रि, बयोलॉजी/गणित में प्राप्त अंकों और खेल/एनसीसी, एनएसएस, स्काउटिंग, सह पाठयक्रम गतिविधियों (यदि कोई हो) में भागीदारी का वेटेज के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। विश्वविद्यालय तीन स्नातक कार्यक्रम- बीएससी (ऑनर्स) बागवानी, बीएससी (ऑनर्स) वानिकी और नेरी में बी टेक जैव प्रौद्योगिकी कार्यक्रम चलाता है।
सभी अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट से काउंसलिंग प्रोफार्मा डाउनलोड कर उस पर बताए गए निर्देशों अनुसार भरना होगा। जो छात्र सामान्य और सेल्फ फ़ाइनेंसड सीटों के लिए आवेदन कर चुके उन्हें दो अलग-अलग प्रोफार्मा भरने होगे। भरा हुआ काउंसलिंग प्रोफार्मा और स्कैन किए गए दस्तावेजों की एक पीडीएफ फाइल बनाकर विश्वविद्यालय को संबन्धित ईमेल एड्रैस पर भेजना होगा। सामान्य सीटों और सेल्फ फाइनेंसिंग सीटों के लिए काउंसलिंग प्रोफार्मा क्रमशः 3 अगस्त (दोपहर) और 5 अगस्त (दोपहर) को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। सामान्य सीटों के लिए: स्कैन की गई पीडीएफ फाइल को ईमेल के माध्यम से 18 अगस्त, 2020 को या उससे पहले uhf.ugnormal20@gmail.com पर भेजना होगा। सेल्फ फ़ाइनेंसड सीटों के लिए स्कैन की गई पीडीएफ फाइल को ईमेल द्वारा 20 अगस्त, 2020 को या उससे पहले uhf.ugselffin20@gmail.com पर भेजना होगा। प्रत्येक अभ्यर्थी को काउन्सेलिंग के लिए पात्र होने के लिए विधिवत रूप से भरा हुआ काउंसलिंग प्रोफार्मा को विश्वविद्यालय को भेजना होगा। इस संबंध में विस्तृत अधिसूचना विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है।















