DNN नाहन
10 दिसंबर। युवाओं को देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने एवं देश भक्ति की भावना को जगाने के उद्देश्य से नेहरू युवा केंद्र द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज देश भक्ति एवं राष्ट्र निर्माण विषय पर नाहन के संस्कृत कॉलेज में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्कृत कॉलेज के प्रिंसिपल वैभव शुक्ला ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में नाहन की तनिष्का पुंडीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जोकि आगामी दिनों में राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली भाषण प्रतियोगिता मे भाग लेगी। इसके अतिरिक्त राजगढ़ की पुर्नधार की सरिना कुमारी ने द्वितीय स्थान व शिलाई कालेज की मनीषा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक अनिल डोगरा ने बताया कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें राष्ट्रनिर्माण में भूमिका निभाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन नेहरू युवा केंद्र द्वारा किया जा रहा है। इसी के तहत आज जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रथम आने वाले प्रतिभागी को राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा और वहां से यदि उक्त प्रतिभागी चयनित होता है, तो वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा।















