नाहन में घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरी गाय का हाइड्रोलिक मशीन से रेस्क्यू

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

14 अक्तूबर। जिला मुख्यालय नाहन में कारमल स्कूल के नजदीक कुम्हारहट्टी हाइवे पर खाई में गिरी एक गाय को कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर लिया गया है। फायर बिग्रेड, पुलिस, आपदा प्रबंधन, नगर परिषद सहित स्थानीय लोगों के सहयोग से गाय को खाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दरअसल गुरूवार को एक गाय हाइवे से नीचे खाई में जा गिरी। गाय बुरी तरह से घायल हो चुकी थी। लिहाजा यहां से गाय को निकालने में मुश्किल हो रही थी। पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गाय का उपचार किया। स्थानीय निवासी ने इसकी सूचना आपदा प्रबंधन को दी। इसके बाद फायर बिग्रेड सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के भरसक प्रयास के बाद गाय को हाइड्रोलिक मशीन के माध्यम से सड़क तक रेस्क्यू किया गया। तत्पश्चात यहां से गाय को माता बालासुंदरी गौसदन भेज दिया गया।

फायर बिग्रेड नाहन के फायरमैन चंद्रवीर सिंह ने बताया कि फोन पर गाय के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर देखा, तो गाय सड़क से नीचे काफी गहरी खाई में गिरी हुई थी, जिसे बड़ी मशक्कत के बाद हाइड्रोलिक मशीन मंगवाकर रस्सों के सहारे विभिन्न विभागों व स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू किया गया। गाय को नगर परिषद के वाहन में सुरक्षित माता बालासुंदरी गौसदन भेज दिया गया।
उधर आपदा प्रबंधन में तैनात एवं स्थानीय निवासी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सर्वप्रथम उन्होंने पशुपालन विभाग को इसकी सूचना दी, जिसके बाद संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर आकर गाय का उपचार किया। साथ ही आपदा प्रबंधन में भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद जिला प्रशासन के निर्देशों पर विभागीय कर्मियों ने कड़ी मशक्त के बाद गाय को बाहर निकाला। इसके लिए वह जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते है।
कुल मिलाकर खाई में गिरी गाय को बाहर निकालना बेहद मुश्किल था, लेकिन विभिन्न विभागों व स्थानीय लोगों की सहायता से कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद इनकी मेहनत रंग लाई और गाय का जीवन बचाने में सफलता हासिल की गई।

News Archives

Latest News