नालागढ़ में 09 अक्तूबर को उपमण्डल स्तरीय एंटी चिट्टा वॉकथॉन होगी आयोजित – हरदीप सिंह बावा

Nalagarh Politics

अधिक से अधिक छात्रों से वॉकथॉन में भाग लेना का किया आग्रह
Dnewsnetwork
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा की अध्यक्षता में आज 09 अक्तूबर, 2026 को आयोजित होने वाले उपमण्डल स्तरीय एंटी चिट्टा वॉकथॉन की तैयारियों को लेकर नालागढ़ में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
हरदीप सिंह बावा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा ‘एंटी चिट्टा हिमाचल’ अभियान के माध्यम से नशे के विरुद्ध व्यापक स्तर पर जन जागरूकता अभियान कार्यान्वित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नालागढ़ क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति तथा अन्य राज्यों के साथ लगती सीमा के कारण नशे की चुनौती के प्रति जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए वॉकथॉन के साथ-साथ भविष्य में विभिन्न खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से भी जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
विधायक ने कहा कि 09 अक्तूबर को एंटी चिट्टा वॉकथॉन का शुभारंभ राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़ से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को प्रातः 06.30 बजे तक निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा तथा वॉकथॉन को प्रातः 08.00 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वॉकथॉन में 15 से 20 वर्ष आयु वर्ग के स्कूली विद्यार्थियों तथा 20 वर्ष से अधिक आयु के कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, नर्सिंग संस्थानों के विद्यार्थियों सहित अन्य इच्छुक लोग भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि वॉकथॉन 05 किलोमीटर की होगी और इसमें लगभग 1500 बच्चे भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि वॉकथॉन के साथ-साथ स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी जन जागरूकता का संदेश देंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों से वॉकथॉन में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने वॉकथॉन के सफल आयोजन के लिए गठित समितियों को रूट प्रबंधन, यातायात एवं कानून-व्यवस्था, चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल एवं जलपान, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वॉकथॉन के उपरांत प्रतिभागियों के लिए शपथ समारोह, पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वॉकथॉन के दौरान ऐसे युवा भी अपने अनुभव साझा करेंगे, जो चिट्टा जैसे मादक पदार्थों की गिरफ्त में आने के बाद उससे बाहर निकल चुके हैं। अपने व्यक्तिगत अनुभवों के माध्यम से ऐसे युवा अन्य युवाओं को नशे से दूर रहने तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।
बैठक में तहसीलदार नालागढ़ हुसन चंद, खंड विकास अधिकारी नालागढ़ अरविंद कुमार, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, अध्यापक, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि तथा समाजसेवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Latest News