DNN सुबाथू
सुबाथू स्थित 14 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र (जीटीसी) सुबाथू में 42 सप्ताह के कड़े प्रशिक्षण के बाद सलारिया स्टेडियम मेंं शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह हुआ । सर्द हवाओं और बारिश के बीच शनिवार को सेना मैदान में 1 x 6 कोर्स के 121 जवानों ने शपथ ग्रहण ली। स्टेडियम में जवानों के अभिभावक भारत माता की जय के नारे लगाते रहे। शपथ ग्रहण के दौरान सेना की एक टुकड़ी सेना के धर्मगुरू के साथ राष्ट्रीय गीत की धुन पर हाथों में तिरंगा लेकर सेना मैदान में पहुचंती है। धर्मगुरू जवानों के पास पहुंचकर उन्हें गीता पर हाथ रखकर देश की रक्षा व भारतीय संविधान का पालन करने की शपथ ग्रहण करवाते हैं। इस बीच स्टेडियम में ब्रिगेडियर एचएस संधू सेना वाहन में सलामी लेते हुए जवानों का मनोबल बढ़ाने पहुंचते हैं। उन्होंने शपथ समारोह के दौरान 42 सप्ताह के कड़े प्रशिक्षण में विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन दिखाने वाले जवानों को सम्मानित किया। बेस्ट रंगरूट सूजन बहादुर को सेंटर की परंपरा के अनुसार चादी की खुखरी देकर सम्मानित किया गया।















