Dnewsnetwork
बद्दी। दून विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। आने वाले समय में क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। यह बात दून विधायक राम कुमार चौधरी ने मंधाला में आयोजित कांग्रेस की बैठक के दौरान कही। बैठक में मंधाला, सूरजपुर, कालूझिंडा-ब्रूटीवाला सहित आसपास की पंचायतों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री की ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
75 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवार होंगे पात्र
राम कुमार चौधरी ने बताया कि योजना के तहत 75 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को लाभ देने का प्रावधान है। बीपीएल परिवारों के अलावा 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्ति, विधवा या अकेली महिला, गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति, दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट के कारण बिस्तर पर रहने वाले व्यक्ति तथा मनरेगा में कार्य करने वाले परिवार भी योजना के दायरे में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों में 21 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पेंशन, 10 लाख रुपये का बीमा और 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली जैसी सुविधाएं देने का प्रावधान है। सरकारी या अर्धसरकारी नौकरी वाले, आयकरदाता तथा साढ़े 12 बीघा से अधिक भूमि रखने वाले परिवार योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
पांच पंचायतों में 2.48 करोड़ रुपये से अधिक स्वीकृत
विधायक ने बताया कि मंधाला, सूरजपुर, बटोली कलां, बरोटीवाला और कालूझिंडा पंचायतों में विकास कार्यों के लिए कुल 2 करोड़ 48 लाख 95 हजार 678 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 45 लाख 80 हजार रुपये जारी हो चुके हैं, जबकि 2 करोड़ 3 लाख 15 हजार 678 रुपये की राशि शेष है।
पंचायतवार सूरजपुर में 48.07 लाख, मंधाला में 31.62 लाख, बटोली कलां में 37.99 लाख, बरोटीवाला में 1.04 करोड़ तथा कालूझिंडा में 26.75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पेयजल व्यवस्था सुधारने पर जोर
राम कुमार ने कहा कि दून क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए 11 नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इसके अलावा पहले घोषित 100 नए हैंडपंप भी विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि मंधाला क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल के लिए पांच ट्यूबवेल स्थापित किए गए हैं। मंधाला स्कूल को पहले मिडिल से हाई स्कूल और बाद में उनके कार्यकाल में जमा दो स्तर तक पहुंचाया गया। ब्रूटीवाला में डिग्री कॉलेज की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। वहीं करीब 6.50 करोड़ रुपये की लागत से 30 बिस्तरों वाला अस्पताल भवन तैयार कर अस्पताल को दो डॉक्टरों के साथ शुरू किया गया है।
सड़कों और बिजली के काम भी जारी
विधायक ने बताया कि मंधाला-कालूझिंडा-ब्रूटीवाला सड़क पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से कार्य चल रहा है। मंधाला-कालूझिंडा सड़क के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मंधाला-गुनाई सड़क के चौड़ीकरण की भी योजना है। पिछले साढ़े तीन वर्षों में क्षेत्र में करीब सात किलोमीटर सड़कों की टारिंग करवाई गई है।
उन्होंने कहा कि मंधाला-हारिपुर-पट्टा सड़क के सुधारीकरण का कार्य भी शुरू किया जाएगा। आगामी दो-तीन महीनों में खराब सड़कों पर पैचवर्क और मेंटेनेंस करवाने के साथ जरूरत के अनुसार टाइल वर्क अथवा सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
पांच स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने का प्रस्ताव
राम कुमार ने कहा कि क्षेत्र के स्कूलों में भवन, सुरक्षा भवन, साइंस लैब सहित अन्य सुविधाओं के विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। ब्रूटीवाला स्कूल को सीबीएसई से जोड़ा गया है। अब मंधाला, झाड़माजरी, पट्टा, कृष्णगढ़-पुठार और मानपुरा के पांच स्कूलों को भी अगले चरण में सीबीएसई से जोड़ने का प्रस्ताव भेजा गया है।
बिजली सुधार पर खर्च हो रहे 113 करोड़
उन्होंने बताया कि दून विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 113 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके तहत नए ट्रांसफॉर्मर लगाने, पुराने ट्रांसफॉर्मरों को अपग्रेड करने, नई विद्युत लाइनें बिछाने और जरूरत वाले क्षेत्रों में थ्री-फेज लाइन उपलब्ध करवाने का कार्य किया जा रहा है।
किसानों के हित में लिए फैसले : राम कुमार
विधायक ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने किसानों के हित में कई फैसले लिए हैं। गेहूं और मक्की पर एमएसपी देने के साथ गाय और भैंस के दूध तथा हल्दी के लिए भी समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर काम कर रही है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के कार्यकाल में दून क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक प्रचार कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने आगामी चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है और पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय हैं।
ये रहे मौजूद
बैठक में जिला उपाध्यक्ष भागचंद शर्मा, सानिये-जायत प्रधान मिराखी मेहता, कालूझिंडा के पूर्व प्रधान नेगी, सूरजपुर के पूर्व प्रधान लक्ष्मण दास, मंधाला के पूर्व प्रधान रामजी दास, माइनॉरिटी सेल अध्यक्ष मनोज चंद, एससी सेल अध्यक्ष संदीप कैंथ, एससी सेल जिला उपाध्यक्ष स्वर्ण सिंह, बीडीओ पट्टा कुलदीप, सेवानिवृत्त शिक्षक अमरीक मास्टर, पूर्व उपप्रधान कमल चंद बंसल, ब्लॉक पट्टा उपाध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर, बीडीसी उपाध्यक्ष कमल मेहता, दोनों ब्लॉकों के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर, मीडिया प्रभारी दिनेश राजपूत गोल्डी सहित बीडीसी सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, महिलाएं और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।














