दिसम्बर में 25 फीसदी बढा हिमाचल का जीएसटी संग्रहण

Himachal News Others Shimla

DNN शिमला

03 जनवरी  हिमाचल प्रदेश सरकार का वस्तु एवं सेवा कर(जीएसटी) संग्रहण दिसम्बर 2022 में लगभग 25 प्रतिशत बढ़ कर 341 करोड़ रुपये रहा है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग के एक प्रवक्ता ने सोमवार को यहां यह जानकारी देते हुये बताया कि चालू वित्त वर्ष में पहले नौ महीनों (अप्रैल-दिसम्बर 2022) तक 4,052 करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रहण किया गया है जो गत वित्त वर्ष की समान अवधि के 3,172 करोड़ रुपये की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक है। यह वृद्धि करदाताओं में कर अदायगी सम्बन्धी अनुपालना में सुधार तथा विभाग द्वारा किए गए विभिन्न प्रशासनिक एवं नीतिगत प्रयासों तथा प्रवर्तन प्रणाली के सुदृढ़ीकरण से सम्भव हो पाई है। प्रवक्ता के अनुसार विभाग रिटर्न फाइलिंग में निरन्तर सुधार, रिटर्न की तीव्र छंटनी, जीएसटी ऑडिट को समय पर पूरा करना और मजबूत प्रवर्तन पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित कर रहा है। विभाग ने चालू वित्त वर्ष में अपने रोड चैकिंग अभियान में 10 लाख ई-वे बिल सत्यापित किए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग स्वैच्छिक अनुपालन में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और टैक्स हाट कार्यक्रम के तहत समयबद्ध रूप से हितधारकों के मुद्दों का निवारण किया जा रहा है।विभाग टैक्स अधिकारियों के ज्ञान में वृद्धि तथा क्षमता निर्माण पर भी ध्यान केन्द्रित कर रहा है। गत नौ माह के दौरान 450 कर अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

News Archives

Latest News