डीएनएन अर्की (शर्मा)
वन, परिवहन तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार सोलन जिले के दाड़लाघाट में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने के लिए शीघ्र आवश्यक पग उठाएगी। गोविंद सिंह ठाकुर सोलन डिस्ट्रिक्ट ट्रक ऑपरेटर्ज कॉ-ऑपरेटिव सोसायटी (एस.डी.टी.ओ.) तथा अर्की तहसील ट्रक ऑपरेटर्ज यूनियन द्वारा आयोजित 24वें देव समागम एवं वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि ट्रक ऑपरेटरों सहित अन्य वाहनों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित किए जाने आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित होने से जहां रोजगार एवं स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध होंगे। वहीं वाहनों को समुचित पार्किंग एवं आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। प्रदेश सरकार राज्य के ऐसे सभी स्थानों पर ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने का प्रयास करेगी जहां विभिन्न ट्रक यूनियन कार्यरत हैं अथवा व्यावसायिक एवं अन्य दृष्टि से ऐसा किया जाना आवश्यक है। परिवहन मंत्री ने कहा कि उपायुक्त सोलन को निर्देश दिए जाएंगे कि दाड़लाघाट क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने के लिए शीघ्र भूमि संबंधी औपचारिकताओं को पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि दाड़लाघाट बाजार में छोटे वाहनों की पार्किंग स्थापित करने के प्रयास भी किए जाएंगे। यहां हाईड्रोलिक तकनीक पर आधारित पार्किंग निर्मित करने पर विचार होगा। उन्होंने आग्रह किया कि इस पार्किंग के लिए स्वेच्छा से भूमि उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने ट्रक ऑपरेटरों से आग्रह किया कि अपने चालकों को नशे से दूर रखें और यह सुनिश्चित बनाएं कि वाहन चलाते समय विभिन्न नियमों का पालन किया जाए। परिवहन मंत्री ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनीं तथा अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
















