DNN धर्मपुर
07 नवंबर। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से लोगों को बचने के लिए सरकार व स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। इसी कड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धर्मपुर द्वारा भी जागरूकता वाहन चलाया है। यह वाहन 52 पंचायतों के तहत आने वाले 906 गांव के लोगों को कोरोना वायरस से बचने के लिए जागरूक करेगा। इस वाहन को खंड चिकित्सा अधिकारी डा. अमित रंजन तलवार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया हैं। यह वाहन आने वाले दिनों में पंचायतों में लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचनाएं, शिक्षा एवं संचार के द्वारा लोगों को कोरोना से बचने के लिए जानकारी देगा।
बता दें कि अनलॉक के बाद भी कोरोना का खतरा बना हुआ है और प्रदेश में लगातार कोरोना के केस बढ़ रहे है। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी डा. अमित रंजन तलवार ने बताया कि जब दवाई नहीं तब तक ढिलाई नहीं। आगामी त्यौहारों के मद्देनज़र उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस दौरान बाजार एवं धार्मिक स्थानों पर कोरोना संक्रमण के फैलने की संभावना अधिक बनी रहेगी। इसलिए से आग्रह किया कि अधिक भीड़भाड़ वाली जगहों पर न जाएं और मास्क पहन कर रखें। साथ ही सामाजिक दूरी बनाएं रखे व बार-बार नियमित रूप से हाथ अवश्य धोएं। इस अवसर पर खंड धर्मपुर के सुपरवाइज़र विनोद शर्मा, शांति, स्वास्थ्य शिक्षिका मीना देवी व अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा।















