DNN बैजनाथ
20 दिसम्बर हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि प्रवासी मजदूर ने डंडे से पीट-पीटकर अपने साथी की हत्या कर डाली मृतक की पहचान अजय कुमार निवासी असम के तौर पर हुई है।
जानकारी अनुसार नौरी झिकली गांव में एक किराए के कमरे में चार लोग मिस्त्री महेंद्र सिंह व मजदूरों में अजय कुमार (मृतक), राज कुमार और रणजैय उर्फ कालू रह रहे थे। 18 दिसंबर को राजकुमार और अजय कुमार छुट्टी करके चले गए। सायं करीब साढ़े तीन बजे कमरे में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शराब पी हुई थी। रात को अजय और रणजैय के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई और झगड़े में तबदील हो गई।
रणजैय ने एक डंडा उठाकर अजय कुमार के सिर पर मार दिया। उसके सिर से खून बहने लगा। झगड़े के बाद दोनों को शांत करवाया और सो गए। लेकिन सुबह अजय कुमार नहीं उठा। जब उसे उठाने की कोशिश की गई तो वह मृत पाया गया। डीएसपी बैजनाथ लालमन शर्मा ने बताया कि हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।















