ज्वाली को मिला डिग्री कालेज, सीएम ने की घोषणा

Himachal News

डीएनएन ज्वाली
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला कांगड़ा के ज्वाली में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र से ज्वाली में डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ज्वाली में बस अड्डे के समीप पार्किंग के लिए पर्याप्त बजट प्रदान किया जाएगा तथा इसके लिए प्राकलन बजट तैयार करने का कहा। उन्होंने कहा कि नुरपुर में आईपीएच उप-मण्डल कोटला को आईपीएच मण्डल ज्वाली के अन्तर्गत लाने के लिए सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रां को खण्ड चिकित्सा अधिकारी नगरोटा सूरियां के अन्तर्गत लाने सम्बन्धी मांग की समीक्षा करने के पश्चात निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने मांग सूची के अनुसार आगामी बजट में सड़कों के लिए पर्याप्त राशि देने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने एक पुल तथा राजोल-अनुही-जांगल-बग्गा सड़क को पक्का करने के लिए लोक निर्माण विभाग अधिकारियों को प्राकलन तैयार करने को कहा, जिस पर आगामी बजट में निश्चित तौर से विचार किया जाएगा। उन्होंने कोटला पंचायत के भेड़ खड्ड तथा भल्ला-सोल्ढा के लिए पुल की घोषणा ताकि इस मार्ग पर एंबुलेस की सुविधा मिल सके। उन्होंने प्राकलन के उपरान्त चचैन-हरनोटा बनोली सड़क के लिए पर्याप्त बजट की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अन्य मांगों पर विचार करने के उपरान्त पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कोहलादी पुल की विस्तृत परियोजना रिर्पोट तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे काम करने में विश्वास करते हैं। उन्होंने कांगड़ा जिला के लोगों का भाजपा को भारी जनादेश देने के लिए आभार व्यक्त किया तथा कहा कि प्रदेश सरकार उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस नेता वर्तमान सरकार के एक माह के कार्यकाल के दौरान कुछ न करने सम्बन्धी ब्यान जारी कर रहे हैं, जिससे उनकी संकीर्ण सोच व दूरदर्शिता की कमी का पता चलता है। इस अवसर पर विभिन्न व्यक्तियों तथा संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए मुख्यमंत्री को 5.70 लाख रुपये की राशि भेंट की।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा विज्ञान एवं प्रोद्यौगिकी मंत्री विपिन सिंह परमार, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर, विधायक रवीन्द्र धीमान, अर्जुन सिंह, रीता धीमान, अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा नन्दा, सदस्य सचिव विज्ञान तथा प्रोद्यौगिकी कुनाल सत्यार्थी, प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजीव पाण्डे तथा आर.सी. कंग भी इस अवसर पर अन्य गणमान्यों के साथ उपस्थित थे।

News Archives

Latest News