DNN सोलन
सोलन तथा सिरमौर जिलों के युवाओं के लिए 28 जनवरी, 2019 को जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां नेहरू युवा केंद्र सोलन की जिला युवा समन्वयक ईरा प्रभात ने दी।
ईरा प्रभात ने कहा कि जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन 28 जनवरी को राजकीय महाविद्यालय सोलन में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा संसद केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सौजन्य से आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य 18 से 25 वर्ष तक के युवाओं को विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त करने तथा विकास के बारे में अपनी सही अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने के लिए मंच प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि युवा संसद में भाग लेने वाले सोलन एवं सिरमौर जिला के प्रतिभागियों को पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण के लिए वही युवा पात्र होंगे जिनकी आयु 30 जून, 2018 को 18 वर्ष या इससे अधिक तथा 25 वर्ष से कम हो।
उन्होंने कहा कि युवाओं का पंजीकरण डिजीटल अथवा साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। डिजीटल माध्यम से पंजीकरण के लिए युवाओं को अपना पंजीकरण करवाना होगा। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल पर पंजीकरण 12 जनवरी, 2019 तक ही करवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि साक्षात्कार के माध्यम से पंजीकरण करवाने वाले प्रतिभागियों के लिए राजकीय महाविद्यालय सोलन में 17 जनवरी से 19 जनवरी, 2019 तक साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार प्रात: 10.00 बजे से सांय 4.00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
ईरा प्रभात ने कहा कि दोनों माध्यमों से पंजीकरण के उपरांत निर्णायक मण्डल द्वारा मापदण्डों के अनुसार युवाओं का आंकलन एवं चयन किया जाएगा।
















