जिला में हिम सुरक्षा अभियान के तहत एकत्र की जा रही है जानकारी: ADC

Kangra Others

DNN धर्मशाला

11 दिसम्बर। अतिरिक्त उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि जिला में 25 नवम्बर से आरंभ किये गये हिम सुरक्षा अभियान के तहत अब तक 6.04 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। उन्होंने कहा कि इस दौरान कोविड-19 के 10,334 संभावितों को चिन्हित किया गया है। इस दौरान 2536 टीबी तथा 201 कुष्ठ रोग के संभावित भी चिन्हित किये गये हैं। वे आज शुक्रवार को धर्मशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ हिम सुरक्षा अभियान कीे समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि हिम सुरक्षा अभियान के तहत जिला में सभी लोगों की कोविड-19, तपेदिक, कुष्ठ रोग, डायबिटीज़, हाई ब्लड प्रेशर इत्यादि रोगों के लक्षणों के प्रति स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर घर जाकर मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से जानकारी एकत्रित की जा रही है तथा कोविड के लक्षण पाए जाने पर सैंपल भी एकत्रित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वास्थ्य विभाग, आयुर्वेद विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायती राज तथा जिला प्रशासन और अलग अलग गैर सरकारी संस्थानों के सामूहिक सहयोग से चलाया जा रहा है। इस अभियान के लिए जिला कांगड़ा में 1843 टीमें गठित की गई हैं तथा प्रत्येक टीम में दो-दो सदस्य शमिल किये गये हैं। उन्होंने बताया कि हिम सुरक्षा अभियान को सफल बनाने के लिये खंड स्तर भी समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही जिला में 19 कफ कार्नर बनाये गये हैं जहां कोई भी व्यक्ति अपनी जांच करवा सकता है।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि जितने भी कोविड-19 के मरीज हैं उनकी टीबी के लिए जांच की जाए एवं जितने टीबी के मरीज हैं उनकी कोविड-19 के लिए भी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जिला में हिम सुरक्षा अभियान को 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 के टीका करण की पूर्व तैयारियों को लेकर जिला स्तर पर टास्क फोर्स कमेटी उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित की गई है। टास्क फोर्स टीका करण को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण तथा अन्य प्रबन्धों को लेकर नियमित तौर पर समीक्षा करेगी ताकि टीका करण के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो। अतिरिक्त उपायुक्त ने टास्क फोर्स कमेटी से जुड़े सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के दिशा-निर्देश दिये।
इससे पहले सीएमओ गुरूदर्शन गुप्ता ने हिम सुरक्षा अभियान तथा कोविड-19 टीका करण टास्क फोर्स कमेटी के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

News Archives

Latest News