DNN जाबली(सोलन) (जयदेव अत्री)
22 दिसंबर। कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पर पड़ने वाली ग्राम पंचायत जाबली में शरारती तत्वों ने शिलान्यास के मात्र दो दिन में शिलान्यास पट्टिका का पेडस्टल तोड़ दिया। हैरानी की बात तो यह है कि शरारती तत्व उद्घाटन पट्टिका चुरा कर ले गए है। इस बारे में ग्राम पंचायत प्रधान द्वारा पुलिस को शिकायत भी दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जाबली पंचायत में पंचायत कार्यालय व सामुदायिक भवन बनाने के लिए शिलान्यास करवाया गया था। यह शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से सूबे के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व आयुष मंत्री डा. राजीव सहजल की उपस्थिति में किया था। यह शिलान्यास 17 दिसम्बर को किया गया था, लेकिन शिलान्यास के महज दो दिन बाद 19 दिसंबर की रात को शरारती तत्वों द्वारा इसका पेडस्टल तोड़ दिया और पट्टिका चुरा कर ले गए। जैसे ही इसकी जानकारी ग्राम पंचायत प्रधान को मिली तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दी। इसकी पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।















