जानिए क्या शिकायतें लेकर जनमंच में पहुंचे लोग

Politics Solan
DNN सोलन
बहुद्देश्यीय परियोजना एवं ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार का जनमंच आज सही मायनों में आम आदमी की समस्या निवारण का सशक्त मंच बनकर उभरा है। अनिल शर्मा आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दंगील के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डोल का जुब्बड़ में आयोजित जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
अनिल शर्मा ने कहा कि जनमंच प्रदेश सरकार का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि जनमंच का निर्णय इसीलिए लिया गया ताकि लोगों की शिकायतों का निपटारा समयबद्ध हो और लोगों को शिकायत निवारण के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश सरकार जनमंच के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंच रही है। जनमंच सरकार और लोगों को समीप ला रहा है। उन्होंने कहा कि जनमंच के माध्यम से मंत्रियों को भी विभिन्न विभागों की कार्यशैली का पूरा पता चला रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने कार्य के माध्यम से लोगों को लाभान्वित करने की दिशा में प्रयासरत है। समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी नियमित रूप से आमजन की समस्याओं को सुलझा रहे हैं।
अनिल शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। प्रदेश का ऊर्जा विभाग सरकारी कार्यालयों तथा निजी आवासों की छतों पर सौर ऊर्जा चलित पैनल स्थापित करने की दिशा में महत्वाकांक्षी योजना कार्यान्वित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा पैनल लगभग 80 प्रतिशत विद्युत बचाने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सौर ऊर्जा के माध्यम से गांव में ही गांव की आवश्यकताओं के लायक बराबर विद्युत उत्पादन हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सौर ऊर्जा चलित पैनल के माध्यम से ग्राम स्तर पर स्ट्रीट लाइट स्थापित करने का निर्णय लिया है।
जनमंच में कुल 236 शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं
बहुद्देश्यीय परियोजना एवं ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा की अध्यक्षता में आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दंगील के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डोल का जुब्बड़ में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में लगभग 2600 लोग उपस्थित रहे।
आज के जनमंच में कुल 236 शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं। इनमें से 15 शिकायतें एवं मांगें पूर्व जनमंच अवधि में प्राप्ति हुईं। 10 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा संभव बनाया गया। जनमंच में 38 हिमाचली प्रमाण पत्र तथा 15 आय प्रमाण पत्र बनाए गए। 04  व्यक्तियों को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध करवाई गई। 32 इन्तकाल किए गए। आज के जनमंच में 11 व्यक्तियों का आधार कार्ड बनाने के लिए पंजीकरण किया गया। आज आयोजित जनमंच में 2 चरित्र प्रमाण पत्र, 3 अन्य पिछड़ वर्ग प्रमाण पत्र, 11 अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र भी बनाए गए। पैंशन के 2 मामलों में दस्तावेज पूरे किए गए। जनमंच के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के नि:शुल्क शिविर में 215 रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई। 50 व्यक्तियों का नेत्रों का परीक्षण किया गया। 10 व्यक्तियों की दंत चिकित्सा की गई। 15 अल्ट्रासाउंड एवं 30 अन्य चिकित्सीय परीक्षण किए गए। 4 पात्र व्यक्तियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
आयुर्वेद विभाग द्वारा आयोजित नि:शुल्क जांच शिविर में 70 रोगियों का स्वास्थ्य जांचा गया। 60 व्यक्तियों का हो योपेथी चिकित्सक द्वारा परीक्षण किया गया। पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित नि:शुल्क जांच शिविर में 201 किसानों ने अपने पशुओं के परीक्षण के लिए पंजीकरण करवाया। विभाग द्वारा दूध के 33 नमूने एकत्र किए गए। मल के 69 नमूने एकत्र किए गए।

News Archives

Latest News