जल शक्ति मंत्री ने की नगर निगम मंडी में चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा

Himachal News Mandi Others

DNN मंडी

30 जून। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने नगर निगम के अधिकारियों को  भ्यूली तथा पुरानी मंडी क्षेत्र में सीवरेज लाईन में नई पाईपें बिछाने के निर्देश दिए हैं। वे नगर निगम मंडी में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर गुरुवार को डीआरडीए सम्मेलन कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नगर निगम मंडी में विकास कार्यों की प्रगति को लेकर वार्ड वार जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर ने नगर निगम के रूप में मंडी को विकास की अनुपम सौगात दी है। यहां के नियोजित और टिकाऊ विकास के लिए सरकार हर तरह से मदद कर रही है। समुचित धनराशि का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये निगम को दिए हैं। ये धनराशि हर वार्ड में विकास कार्यों के लिए आबंटित की जाएगी। मंत्री ने कहा कि वे 15 दिन के बाद निगम के हर वार्ड का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने मंडी शहर को तारों के जंजाल से मुक्त बनाने के लिए योजनापूर्वक करने को कहा। उन्होंने जल निकासी पाइपों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पार्षदों से उनके क्षेत्र में कार्यान्वित योजनाओं की प्रगति को लेकर जानकारी ली और अपने-अपने क्षेत्र में उनसे विकास कार्यों को गति देने के लिए सक्रिय सहयोग को कहा।
इस अवसर पर विधायक जवाहर ठाकुर, इंद्र सिंह गांधी, प्रकाश राणा, नगर निगम की महापौर दीपाली जस्वाल, उप-महापौर विरेन्द्र भट्ट, उपायुक्त अरिंदम चौधरी, एसडीएम सदर रितिका जिंदल, नगर परिषद मंडी की पूर्व अध्यक्ष सुमन ठाकुर, समस्त पार्षदगण, नगर निगम मंडी के आयुक्त एच.एस राणा, अधीक्षण अभियंता, जल शक्ति विभाग उपेन्द्र वैद्य, परियोजना अधिकारी, डीआरडीए नवीन शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।

News Archives

Latest News