DNN सोलन
पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार बढ़ती हुई जनसंख्या को रोकने के लिए कानून बनाए। ताकि देश को बर्बाद होने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के समय हम 34 करोड़ थे और अब हम 141 करोड़ हो चुके है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के कारण विकास कहीं पर भी दिख नहीं रहा है। भारत ऐसा देख है जहां पर सबसे ज्यादा गरीबी और भुखमरी है। सोलन में आयोजित बढ़ती जनसंख्या घटते संसाधन विषय पर आयोजित संगोष्ठी के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए शांता कुमार ने यह बात कहीं। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटाने के बाद अब राम मंदिर, कॉलन सिविल कोर्ट के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एजेंडे में बढ़ती जनसंख्या का मुद्दा भी है।
उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं की जड़ में बढ़ती जनसंख्या है। इसलिए वे पिछले 5 साल से इस दिशा में कार्य करके लोगों को जागरूक बना रहे है। उन्होंने कहा कि यह समस्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ध्यान में भी है और उनके से भी इस संबंध में 2 बार बात हुई है। उन्होंने कहा कि देश में हर रोज 50 हजार नए लोग पैदा हो रहे है। ऐसे में देश में बेरोजगारी व गरीबी की समस्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि यहीं कारण है कि देश में लोगों को इस दिशा में जागरूक करने की जरूरत है, क्योंकि देश में विकास जितना मर्जी हो जाए जनसंख्या रूपी दानव उसे निकल ही जाएगा।















