DNN धर्मपुर
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता लोगों की समस्याओं का उनके घरद्वार पर समाधान है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जिले के सभी विशेषकर दूरदराज के क्षेत्रों में जनमंच आयोजित किए जाएंगे। डॉ. सैजल आज सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर में विधायक ऐच्छिक निधि के पात्र लाभार्थियों को चैक वितरित करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. सैजल ने कहा कि समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले जनमंच में सभी वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। मौके पर ही निर्णय लिए जाएंगे और त्वरित समस्या निवारण सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनमंच के विषय में सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को सूचित किया जाएगा।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे जनमंच के बारे में गांव-गांव में लोगों को जागरूक बनाएं ताकि अधिक से अधिक संख्या में लोग जनमंच में पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनमंच जहां प्रदेश सरकार और लोगों के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा वहीं ये त्वरित शिकायत निवारण का मंच भी बनेगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार आम आदमी की सरकार है। समाज के सभी वर्गों का सामाजिक-आर्थिक उत्थान प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए मुख्यमंत्री ने अपने पहले ही बजट में 29 नई योजनाएं आरंभ करना प्रस्तावित है। ये योजनाएं समाज के सभी वर्गों के समग्र कल्याण की दिशा में सहायक सिद्ध होंगी।
डॉ. सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्तासीन होते ही अपना पहला निर्णय सामाजिक सुरक्षा पैंशन की दिशा में लिया। इस निर्णय के तहत सामाजिक सुरक्षा पैंशन के लिए आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया गया। प्रदेश सरकार के इस निर्णय से इस आयु वर्ग के एक लाख 30 हजार वरिष्ठ नागरिकों को लाभ पहुंचेगा।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के विषय में लोगों को जागरूक बनाएं।
डॉ. सैजल ने इस अवसर पर जनसमस्याएं सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही निपटारा सुनिश्चित बनाया